संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने सीरिया के पश्चिमोत्तर इलाके में युद्ध गतिविधियों में आई तेजी पर गहरी चिन्ता जताते हुए तमाम सैन्य गतिविधियां तुरंत रोके जाने की पुकार लगाई है। महासचिव के प्रवक्ता द्वारा शनिवार को जारी एक वक्तव्य में कहा गया है कि यूएन प्रमुख एंतोनियो गुटेरेश सीरिया के पश्चिमोत्तर इलाके में सैन्य गतिविधियों में आई तेजी पर “गंभीर चिंता” व्यक्त की है।
मीडिया ख़बरों में कहा गया है कि सीरिया की सरकारी सेनाओं ने इदलिब में विपक्षी ताकतों के नियंत्रण वाले अंतिम मुख्य इलाके में हमले तेज कर दिए हैं। जिसके बाद लाखों लोग सुरक्षा के लिए तुर्की की तरफ भाग रहे हैं।
विज्ञापन
यूएन महासचिव ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि आम लोगों, स्वास्थ्य सेवाओं जैसे बुनियादी पर हमले कतई स्वीकार्य नहीं हैं।
प्रवक्ता जारी वक्तव्य में कहा गया है, “तमाम सैन्य अभियानों में, इनमें आतंकवादी गुटों के ख़िलाफ और उनके द्वारा की जाने वाली सैन्य गतिविधियाँ भी शामिल हैं, सभी पक्षों को अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून में वर्णित जिम्मेदारियों और नियमों का पालन करना चाहिए।"
"इनमें आम नागरिकों और नागरिक वस्तुओं की हिफाजत करना भी शामिल है।” यूएन प्रमुख ने जोर देकर कहा है कि सीरिया संकट का कोई सैन्य समाधान नहीं है।
संयुक्त राष्ट्र के मानवीय सहायता कार्यों के संयोजक मार्क लोकॉक ने बुधवार को सुरक्षा परिषद को जानकारी देते हुए कहा था कि इदलिब में लड़ाई इतनी भीषण हो गई है जो पिछले साल भर के दौरान भी नहीं देखी गई।
विज्ञापन
मार्क लोकॉक ने बताया था कि मानवीय सहायता संगठनों ने 14 लाख से भी ज्यादा लोगों को भोजन सामग्री मुहैया कराई है। साथ ही दो लाख से ज्यादा लोगों का इलाज करने के लिए पर्याप्त चिकित्सा सामग्री भी उपलब्ध कराई गई है।