अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उत्तर पश्चिम सीरिया में इस्लामिक स्टेट के नेता अबू बकर अल-बगदादी पर हमले के दौरान घायल हुए सेना के एक कुत्ते को सम्मान का पदक देते हुए दिखाने वाली एक फर्जी तस्वीर ट्वीट की है।
सैन्य काम करने वाले कुत्तों ने अमेरिकी सैन्य बलों के साथ दुनिया के सबसे वांछित आतंकवादी का एक सुरंग में पीछा किया था, जिसके बाद शनिवार को 48 साल का बगदादी मारा गया था। बगदादी ने सीरिया के इदलिब प्रांत में स्थित अपने परिसर में अमेरिकी छापे के बाद खुद को आत्मघाती बेल्ट से उड़ा लिया था। ट्रंप ने बड़े-बड़े अक्षरों के साथ कुत्ते की तस्वीर लगाते हुए ट्वीट किया, ‘अमेरिकी नायक!’ इस कुत्ते ने सीरियाई सुरंग में अल-बगदादी का पीछा किया, इससे पहले कि आईएसआईएस नेता ने खुद को बम से उड़ा लिया।
द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक खबर के अनुसार, एक रूढ़िवादी वेबसाइट डेली वायर ने यह तस्वीर प्रकाशित की है। असल में यह तस्वीर 2017 की है, जब वियतनाम युद्ध में सेना के सेवानिवृत्त चिकित्सक जेम्स मैकक्लोघन को 10 लोगों की जान बचाने के लिए पदक से सम्मानित किया गया था। इस तस्वीर से छेड़छाड़ की गयी है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जो तस्वीर ट्वीट की है, उसमें मैकक्लोघन के सिर को कुत्ते के सिर के साथ बदल दिया गया है। मीडिया में बेल्जियम के मैलिनोइस नस्ल के इस कुत्ते का नाम ‘कोनन’ बताया जा रहा है। जब टाइम्स के एक रिपोर्टर ने जेम्स मैकक्लोघन को दोनों तस्वीरें दिखाई तो उन्होंने ठहाका लगाते हुए कहा कि ‘सैन्य कुत्ते बहुत साहसी होते हैं।’
राष्ट्रपति का ट्वीट कुछ उपयोगकर्ताओं के बीच हंसी का विषय बन गया है, जबकि कुछ ने युद्ध के एक नायक की तस्वीर में छेड़छाड़ करने के फैसले या फोटोशॉप की गुणवत्ता पर नाराजगी जतायी। ट्विटर उपयोगकर्ताओं में से कुछ ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जाहिर की, वहीं कुछ ने बहुत मजाक उड़ाया।