अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (स्थानीय समयानुसार) पोप फ्रांसिस की याद में सम्मान के तौर पर अमेरिकी ध्वज को आधा झुकाने का आदेश दिया। राष्ट्रपति के आदेश के चलते अमेरिका में सार्वजनिक भवनों, मैदानों, सैन्य चौकियों और नौसेना स्टेशनों सहित अन्य स्थानों पर ध्वज को आधा झुकाकर फहराया जाएगा। इससे पहले, ट्रंप ने पोप फ्रांसिस के 88 वर्ष की आयु में निधन पर शोक व्यक्त किया। वह प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के साथ फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में अमेरिकी ध्वज आधा झुकाने की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'परम पावन पोप फ्रांसिस की याद में सम्मान के तौर पर अमेरिका के संविधान और कानूनों द्वारा राष्ट्रपति के रूप में मुझे दिए गए अधिकार के तहत, अमेरिकी ध्वज को आधा झुकाने का आदेश देता हूं। अमेरिका का ध्वज व्हाइट हाउस और सभी सार्वजनिक भवनों और मैदानों, सभी सैन्य चौकियों और नौसेना स्टेशनों और कोलंबिया जिले में संघीय सरकार के सभी नौसैनिक जहाजों और पूरे अमेरिका और उसके क्षेत्रों और संपत्तियों पर सूर्यास्त तक, दफन के दिन तक आधा झुका रहेगा।'
यहां भी आधा झुकाकर फहराया जाएगा अमेरिकी ध्वज
ट्रंप ने आगे कहा कि मैं यह भी निर्देश देता हूं कि सभी अमेरिकी दूतावासों, वाणिज्य दूतावास कार्यालयों और विदेश में अन्य सुविधाओं, जिसमें सभी सैन्य सुविधाएं और नौसेना के जहाज और स्टेशन शामिल हैं, पर ध्वज को उसी अवधि के लिए आधा झुकाकर फहराया जाएगा।
ये भी पढ़ें: Pope Francis: प्रधानमंत्री मोदी ने दिया था पोप फ्रांसिस को भारत आने का न्योता, लेकिन अधूरा रह गया कार्यक्रम
वेंस-रुबियो ने भी फ्रांसिस के निधन पर जताया शोक
ट्रंप के अलावा, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक व्यक्त किया। वेंस ने रविवार को वेटिकन में पोप फ्रांसिस से मुलाकात की थी। वे पोप से मिलने वाले अंतिम विदेशी नेता थे।
फ्रांसिस ने अपने कासा सांता मार्टा निवास पर ली अंतिम सांस
वेटिकन के अनुसार, पोप का निधन ईस्टर सोमवार, 21 अप्रैल को 88 वर्ष की आयु में वेटिकन के कासा सांता मार्टा में उनके निवास पर हुआ। पोप के निधन पर वेटिकन ने नौ दिवसीय शोक की घोषणा की है, जिसे नोवेन्डियाल के रूप में जाना जाता है, जो एक प्राचीन रोमन परंपरा है और आज भी जारी है।
रोम में पोप के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे ट्रंप-मेलानिया
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप रोम में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। इसकी जानकारी ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर दी। उन्होंने लिखा, 'मेलानिया और मैं रोम में पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।'
ये भी पढ़ें: MHA: पोप फ्रांसिस के निधन पर भारत में तीन दिन का राजकीय शोक, सरकारी इमारतों पर आधा झुका रहेगा राष्ट्र ध्वज
पीएम मोदी ने भी फ्रांसिस के निधन पर जताया शोक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पोप फ्रांसिस के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा कि पोप का भारत के लोगों के प्रति स्नेह हमेशा संजोया जाएगा। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'परम पूज्य पोप फ्रांसिस के निधन से बहुत दुखी हूं। दुख और स्मरण की इस घड़ी में, वैश्विक कैथोलिक समुदाय के प्रति मेरी गहरी संवेदना। पोप फ्रांसिस को दुनिया भर में लाखों लोग हमेशा करुणा, विनम्रता और आध्यात्मिक साहस के प्रतीक के रूप में याद रखेंगे। छोटी उम्र से ही उन्होंने प्रभु ईसा मसीह के आदर्शों को साकार करने के लिए खुद को समर्पित कर दिया था। उन्होंने गरीबों और वंचितों की लगन से सेवा की। जो लोग पीड़ित थे, उनके लिए उन्होंने आशा की भावना जगाई।'
भारत में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा
केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) द्वारा जारी एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, पोप फ्रांसिस के निधन के बाद सम्मान के तौर पर भारत में तीन दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की गई है। देश भर में 22 और 23 अप्रैल को शोक मनाया जाएगा। इसके अलावा, पोप के अंतिम संस्कार के दिन भी शोक मनाया जाएगा।
संबंधित वीडियो