राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में बनाए गए सरकारी दक्षता विभाग से एलन मस्क जल्द ही हट सकते हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने ही इसका संकेत दिया है। उन्होंने कहा कि एलन मस्क कुछ महीनों में उनके प्रशासन को छोड़ देंगे। एलन शानदार हैं, लेकिन उनके पास कई कंपनियां चलाने के लिए हैं। मैं चाहता हूं कि वे लंबे समय तक बने रहें। मगर एक समय ऐसा आएगा जब उन्हें छोड़ना पड़ेगा। ट्रंप ने कहा कि विभिन्न एजेंसियों के भीतर काम जारी रहेगा।
ट्रंप ने कहा कि मैं उन्हें तब तक रखूंगा जब तक मैं उन्हें रख सकता हूं। मस्क बहुत प्रतिभाशाली व्यक्ति हैं। मैं चाहता हूं कि एलन यथासंभव लंबे समय तक रहें। नंबर एक, मुझे वह पसंद है, नंबर दो, वह बहुत अच्छा काम कर रहा है। नंबर तीन, वह एक देशभक्त है, इसलिए वह ऐसा कर रहा है। मस्क के जाने के बाद सचिव पूरी तरह से कार्यभार संभाल लेंगे। वहीं सरकारी दक्षता विभाग भी सक्रिय रहेगा। उन्होंने कहा कि कैबिनेट अधिकारियों ने मस्क के साथ मिलकर काम किया है और वे अपनी एजेंसियों में सरकारी दक्षता विभाग के कुछ लोगों को रख सकते हैं।
ये भी पढ़ें: भारतवंशी सांसद ने की टैरिफ लगाने की निंदा, डेमाक्रेट कृष्णमूर्ति बोले- भारत के साथ संबंधों पर पड़ेगा असर
पिछले हफ्ते ट्रंप ने कहा था कि हमें लगता है कि अगले दो-तीन महीनों में हम उन लोगों से काफी संतुष्ट होंगे, जो मेहनत कर रहे हैं और प्रशासन का हिस्सा बनना चाहते हैं।' सरकारी दक्षता विभाग के खत्म होने का मतलब यह नहीं होगा कि ट्रंप वॉशिंगटन में बदलाव लाने से रुक जाएंगे। ट्रंप प्रशासन की रणनीति अब एक नए चरण में प्रवेश कर रही है, जहां मस्क की भूमिका कम होगी। मस्क का आक्रामक रुख उन्हें प्रशासन में एक विवादित शख्स बना चुका है।
विस्कॉन्सिन चुनाव में मस्क को लगा झटका
मंगलवार को विस्कॉन्सिन में मस्क को झटका लगा। विस्कॉन्सिन के मतदतादाओं ने सुप्रीम कोर्ट के लिए उनके उम्मीदवार को खारिज कर दिया। मस्क ने उम्मीदवार को समर्थन करने के लिए 21 मिलियन डॉलर का दान दिया था और साप्ताहांत में प्रचार भी किया था। अमेरिका के कुछ राज्यों में सुप्रीम कोर्ट के जजों का चुनाव होता है। इसके अलावा, उनकी इलेक्ट्रिक कंपनी टेस्ला को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिसकी बिक्री साल के पहले तीन महीनों में 13 फीसदी गिर गई।
ये भी पढ़ें: 19 डेमोक्रेटिक राज्यों ने ट्रंप के चुनाव आदेश को दी चुनौती, संविधान के उल्लंघन का लगाया आरोप
रामास्वामी ने डीओजीई से खुद को कर लिया था अलग
सरकारी दक्षता विभाग को शुरू में एक स्वतंत्र सलाहकार समिति के रूप में स्थापित किया गया था, जिसमें मस्क के साथ उद्यमी विवेक रामास्वामी भी नेतृत्व साझा कर रहे थे। लेकिन रामास्वामी ने खुद को इससे अलग कर दिया और अब ओहायो के गवर्नर पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इसके बाद, इस विभाग को औपचारिक रूप से सरकार का हिस्सा बना दिया गया। सरकारी दक्षता विभाग में मस्क के सहयोगियों को रखा गया था, जिन्हें सरकारी तंत्र में विभिन्न स्थानों पर भेजा गया, ताकि वे अनुबंध रद्द कर सकें, संवेदनशील डाटा तक पहुंच बना सकें और खर्चों में कटौती कर सकें। मस्क के कार्यकाल की एक तय समय-सीमा है। उन्हें एक विशेष सरकारी कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया गया था, जिसका मतलब है कि वह 365 दिनों में केवल 130 दिन ही काम कर सकते हैं। 30 मई को ट्रंप को सरकार की जिम्मेदारी संभाले 130 दिन हो जाएंगे।
संबंधित वीडियो