पाकिस्तान के पीएम शहबाज शरीफ ने यूएन में ट्रंप की तारीफ करते हुए भारत-पाकिस्तान संघर्ष रोकने का श्रेय उन्हें दिया। अपनी तारीफ से खुश ट्रंप ने शहबाज के भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। हालांकि, ऑपरेशन सिंदूर रोकने में अमेरिकी भूमिका के दावे को भारत पहले ही खारिज कर चुका है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ का वीडियो क्लिप शेयर किया। इस वीडियो क्लिप में शरीफ संयुक्त राष्ट्र में भाषण देते नजर आ रहे हैं। शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में दावा किया कि भारत के साथ संघर्ष रोकने में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अहम रोल था। वहीं, शरीफ ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने सही समय पर दखल दिया। इतना ही नहीं, उन्होंने इसके लिए ट्रंप का शुक्रिया भी अदा किया।
विज्ञापन
शहबाज शरीफ ने क्या कहा?
शुक्रवार को ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर 87 सेकंड का क्लिप शेयर किया। इसमें शरीफ ने पिछले साल मई में पहलगाम आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारत की ओर से शुरू किए गए 'ऑपरेशन सिंदूर' को 'बाहरी हमला' बताया। इसके साथ ही पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर की 'साहसी लीडरशिप' की तारीफ की। शरीफ ने दक्षिण एशिया में लाखों लोगों की जान बचाने के लिए ट्रंप की 'मजबूत और दूरदर्शी लीडरशिप' और 'सही समय पर किए गए दखल' के लिए उनका शुक्रिया अदा किया।
विज्ञापन
ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र में क्या दावा किया?
वहीं, ट्रंप ने बिना किसी टिप्पणी के शरीफ के भाषण का वीडियो क्लिप शेयर किया। वहीं, मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र में अपने भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति ने दावा किया था कि उन्होंने पाकिस्तान और भारत के बीच के टकराव समेत आठ युद्धों को सुलझाने में मदद की थी।
ट्रंप के अनुसार, शरीफ ने कहा कि दक्षिण एशिया में 3 करोड़ लोगों की जान बचाने का श्रेय अमेरिकी राष्ट्रपति को जाता है। ट्रंप ने यह भी कहा कि जिन देशों का उन्होंने जिक्र किया। उनमें से लगभग सभी ने उनकी भूमिका के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए पत्र भेजे थे।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
भारत ने पिछले साल 7 मई को 'ऑपरेशन सिंदूर' शुरू किया था। यह ऑपरेशन 22 अप्रैल को हुए पहलगाम हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए चलाया गया था। पहलगाम हमले में 26 आम नागरिक मारे गए थे।
वहीं, नई दिल्ली ने ट्रंप के दावों को खारिज कर दिया है। साथ ही कहा कि पाकिस्तान के 'डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स' की ओर से भारतीय सेना में अपने समकक्ष अधिकारी से किए गए अनुरोध के बाद 'ऑपरेशन सिंदूर' को रोक दिया गया था।