सार
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में अज्ञात हमलावरों ने आदिवासी नेता मलिक मोहम्मद रहमान दावर और उनके ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी। रहमान पहले भी दो बार हमलों का शिकार हो चुके थे। वहीं दूसरी ओर खैबर पख्तूनख्वा में ही तालाब में नहाते समय चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इसमें दो सगे भाई भी शामिल थे।
पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सोमवार को अज्ञात हमलावरों ने एक बुजुर्ग आदिवासी नेता और उनके ड्राइवर की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस इसे लक्षित हत्या (टारगेट किलिंग) का मामला मान रही है। मारे गए बुज़ुर्ग की पहचान मलिक मोहम्मद रहमान दावर के रूप में हुई है। वह पहले भी दो बार हमलों में बाल-बाल बच चुके थे और उन हमलों में घायल हुए थे।
यह ताजा हमला उत्तर वजीरिस्तान जिले के तपी इलाके में मीरानशाह-बन्नू रोड पर हुआ। पुलिस के अनुसार, हथियारबंद हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे मलिक रहमान और उनके ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई। हमलावर वारदात के बाद फरार हो गए।
ये भी पढ़ें:- Syria: अपहरण, लूट और फिर छिड़ी दो गुटों में जंग..., सीरिया में एक छोटे से टकराव ने ली 30 की जान; सेना तैनात
गहराई से हो रही मामले की जांच
जिले के पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस दोहरे हत्याकांड की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने दोषियों को जल्द पकड़ने और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। साथ ही मामले में बताया जा रहा है कि मलिक रहमान जैसे जनजातीय बुज़ुर्ग जो सरकार और सुरक्षा बलों का आतंकियों के खिलाफ समर्थन करते हैं, उन्हें अक्सर निशाना बनाया जाता है। खासकर पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर बसे जनजातीय इलाकों में ऐसे बुज़ुर्गों को आतंकियों से लगातार खतरा बना रहता है। हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मामले की हर पहलू से जांच कर रही हैं।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में तालाब में डूबने से चार बच्चों की मौत
दूसरी ओर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में ही सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाते समय चार बच्चों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा लक्की मरवत जिले के दौलत खैल इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, सभी बच्चे 9 से 12 साल की उम्र के थे। डूबने वालों में दो सगे भाई भी शामिल थे।
ये भी पढ़ें:- UAE: शारजाह में अनुष्ठान के दौरान घर में लगी आग, भारतीय मूल की महिला की मौत
स्थानीय लोगों ने बच्चों को बचाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, तब तक सभी बच्चों की जान जा चुकी थी। बाद में रेस्क्यू टीमों ने चारों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले। इस हादसे पर खैबर पख्तूनख्वा के राज्यपाल फैसल करीम कुंडी और मुख्यमंत्री अली अमीन गंडापुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है।