जापान की राजधानी टोक्यो के दक्षिणी इलाके में एक क्रॉसिंग पर बृहस्पतिवार को एक्सप्रेस ट्रेन ने एक ट्रक को टक्कर मार दी जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और करीब 30 अन्य जख्मी हो गए। यह ट्रेन करीब 120 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही थी।
टक्कर के बाद, ट्रेन का पहला अगला डिब्बा पटरी से उतर गया और ट्रक दीवार में जा घुसा जिसके बाद उसमें आग लग गई। चश्मदीदों ने बताया कि टक्कर के बाद भीषण आग लग गई जिससे ट्रेन में सवार 500 यात्रियों में दहशत फैल गई। घटना के वक्त रेलगाड़ी दक्षिण टोक्यो में योकोहोमा के पास क्रॉसिंग से गुजर रही थी।
अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने पत्रकारों को बताया कि आपातकालीन सेवा के कर्मचारी 30 घायलों को अस्पताल ले गए। उनमें से दो को गंभीर चोटें आई हैं। इनमें से एक की मौत हो गई। अस्पताल ने इसकी पुष्टि की है। ट्रेन सेवा का संचालन करने वाली कंपनी ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।