लॉस एंजिलिस में आग से उठता धुआं।
- फोटो : पीटीआई
अमेरिका के लॉस एंजिलिस क्षेत्र में अधिकांश इलाके तीन दिनों से जारी भीषण आग में तबाह हो चुके हैं। लोगों पर संकट अब भी बरकरार है। वहीं लॉस एंजिलिस के स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों को आग के चलते फैले खतरनाक धुएं से बचने के लिए घर के अंदर रहने की सलाह दी है। उधर, आग के चलते हुई भीषण तबाही के मद्देनजर राहत कार्यों के लिए वॉल्ड डिज्नी कंपनी ने 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर की मदद का एलान किया है।
अमेरिका के दक्षिणी कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स में जंगलों में लगी आग विकराल होती जा रही है। आसपास के रिहायशी इलाकों तक पहुंच आग से हजारों लोगों के घर जल गए और वाहन भी धू-धू करके राख हो गए हैं। इसके साथ ही आग की लपटों से उठे धुएं से पूरा इलाका ढका हुआ है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने इसे जहरीला धुआं बताते हुए लोगों को घर में रहने के लिए कहा है। लॉस एंजिलिस काउंटी डिपार्टमेंट ऑफ पब्लिक हेल्थ के अनीश महाजन ने कहा कि जंगल की आग के धुएं में छोटे कण, गैस और जल वाष्प है। ये छोटे कण हमारी नाक और गले में चले जाते हैं। यह गले और सिर में दर्द का कारण बनते हैं। उन्होंने कहा कि जिन क्षेत्रों में धुआं दिखाई दे रहा है या नहीं दिखाई दे रहा है, वहां भी हवा की गुणवत्ता खराब है। इसलिए जितना संभव हो सके उतना बाहर निकलना कम करना होगा।
महाजन ने कहा कि स्वस्थ व्यक्तियों को भी घर पर ही रहकर एयर फिल्टरेशन सिस्टम को अपनाना चाहिए। साथ ही जो लोग बाहर काम करते हैं, उनको मास्क पहनना चाहिए। इसके साथ ही युवा, बूढ़े और बीमार लोगों को इस वक्त बेहद सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव पड़ने का जोखिम अधिक है। बच्चे, बुजुर्ग, श्वसन और हृदय संबंधी रोग से पीड़ित लोग, तथा कमजोर प्रतिरक्षा प्रणाली वाले लोग, उनमें सांस लेने में तकलीफ, घरघराहट, खांसी और सीने में दर्द जैसे लक्षण अधिक गंभीर हो सकते हैं। लॉस एंजिलिस में धुएं के चलते सार्वजनिक स्वास्थ्य आपातकाल लगा दिया गया है।
डिज्नी करेगा 15 मिलियन डॉलर की मदद
लॉस एंजिलिस की आग में हुई तबाही के बाद वॉल्ट डिज्नी कंपनी ने बचाव अभियान में मदद करने वाले संगठनों की सहायता का एलान किया है। कंपनी ने प्रारंभिक और तत्काल प्रतिक्रिया तथा पुनर्निर्माण प्रयासों के लिए 15 मिलियन अमेरिकी डॉलर की सहायता की घोषणा की है। यह धनराशि अमेरिकी रेड क्रॉस, लॉस एंजिलिस फायर डिपार्टमेंट फाउंडेशन, लॉस एंजिलिस क्षेत्रीय खाद्य बैंक और अन्य संगठनों को दी जाएगी। डिज्नी के सीईओ बॉब आइगर ने कहा, कि वॉल्ट डिज्नी अपने समुदाय और अपने कर्मचारियों को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है। हम सभी इस अविश्वसनीय विनाश से उबरने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
संबंधित वीडियो