अमेरिका और यूरोप में बीएटी ने वहां के रेगुलेटर्स (विनियामकों) के सामने दावा किया है कि नए निकोटीन उत्पादों से उन लोगों को मदद मिलती है, जो सिगरेट छोड़ना चाहते हैं। लेकिन इस कंपनी ने 2019 में अपने निवेशकों के सामने जो प्रजेंटेशन किया था, उसमें दिए गए तथ्य कुछ और कहानी बताते हैं। उसमें कहा गया था कि निकोटीन सेवन करने वाले लोगों की संख्या 2012 तक गिर रही थी। लेकिन उसके बाद इसमें बढ़ोतरी शुरू हो गई। 2017 में धूम्रपान करने वाले नई पीढ़ी के लोगों की संख्या 80 लाख बढ़ी।
जानकारों का कहना है कि साफ तौर पर बीएटी की दिलचस्पी लोगों से सिगरेट छुड़वाने के बजाय निकोटीन सेवन कर सकने वाले नए लोगों की तलाश करने में है। पाकिस्तान में नए उत्पाद वेलो की मार्केटिंग के लिए बीएटी ने जो विज्ञापन अभियान चलाया, उसमें 40 सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स का इस्तेमाल किया गया। उस वीडियो को फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक करोड़ 30 लाख लोगों ने देखा। स्पेन में बीएटी ने अपने तंबाकू उत्पाद ग्लो के विज्ञापन के लिए लोकप्रिय बॉय म्यूजीक बैंड- दविसियो का सहारा लिया है। पाकिस्तान में इस कंपनी ने अपने उत्पाद मॉल्स, चाय की दुकान आदि जैसी जगहों पर मुफ्त में भी बांटे हैं।
ताजा मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है कि खासकर टिकटॉक पर डाले गए वीडियोज का 14 से 23 उम्र के नौजवानों पर खास प्रभाव पड़ा है। स्वीडन में इस उम्र वर्ग के युवाओं में नए निकोटीन उत्पादों के इस्तेमाल की लत हाल में तेजी से बढ़ी है। जबकि बीएटी का दावा रहा है कि उसके उत्पाद सिर्फ बालिग लोगों के लिए हैं और नौजवानों को निकोटीन उत्पादों का सेवन कभी नहीं करना चाहिए। गैर सरकारी संस्था कॉरपोरेट एकाउंटेबिलिटी के कार्यकर्ता टेलर बिलिंग्स ने द गार्जियन से कहा- ‘सोशल मीडिया पर चलाए गए अभियानों का युवाओं तक पहुंचना लाजिमी है। तंबाकू उद्योग संसाधनों के मामले में इतना समृद्ध है कि वह प्रभाव उत्पन्न कर सकती है। यह उद्योग कोई संयोगवश उन प्लैटफॉर्म्स का इस्तेमाल नहीं कर रही है, जहां नव युवा बड़ी संख्या में मौजूद हैं।’
जाहिर है, ये तंबाकू उद्योग की नई रणनीति है। इसे एक तरह की सरोगेट यानी छिप कर की गई मार्केटिंग कहा जा सकता है।