हथियार बनाने वाली शीर्ष अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन ने कहा कि भारत के साथ ‘गेम चेंजिंग’ रक्षा समझौते करने का समय आ गया है। लॉकहीड मार्टिन के उपाध्यक्ष विवेक लाल ने कहा कि अमेरिका और भारत कई राजनीति, आर्थिक और सुरक्षा मुद्दों पर साझा हितों के साथ नैसर्गिक साझेदार हैं।
भारत और अमेरिका के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। इन संबंधों में सकारात्मकता से हम रक्षा और सुरक्षा के मोर्चे पर काफी प्रोत्साहित हैं। यह समय सही मायनों में भारत के साथ परिदृश्य बदलने वाली रक्षा समझौते करने का है। विवेक लाल 20 फरवरी से होने वाले एयरो इंडिया शो 2019 में अमेरिका-भारत बिजनेस काउंसिल के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।
लाल ने कहा कि एयरो इंडिया शो प्रतिनिधिमंडल सदस्य और लॉकहीड मार्टिन के लिए अमेरिका व भारत के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलने, बिजनेस टू बिजनेस नेटवर्क में हिस्सेदारी और भारत से व्यापार करने से जुड़ी चुनौतियों और अवसरों को समझने का बेहतरीन अवसर है।