अंग्रेजी भाषा के तटस्थ सर्वनाम ‘दे (THEY)’ को अमेरिकी भाषा विशेषज्ञों ने दशक के शब्द के तौर पर चुना है। इस शब्द ने ‘क्लाइमेट’ और ‘मेमे’ समेत अपने सभी प्रतिद्वंद्वी शब्दों को इस होड़ में पीछे छोड़ दिया। अमेरिकी डायलएक्ट (भाषिका) सोसाइटी की तरफ से यह घोषणा अमेरिकी शब्दकोष मेरियम-वेबस्टर की तरफ से दिसंबर में ‘दे’ को अपना साल का शब्द चुने जाने के बाद की गई है।
इससे पहले सोसाइटी ने ‘दे’ को 2015 में साल के शब्द के तौर पर चुना था। सोसाइटी के मुताबिक, दशक का शब्द चुने जाने की होड़ एकल शब्द तक सीमित नहीं थी। इस होड़ में #BlackLivesMatte, #MeToo जैसे शब्द भी शामिल थे। इससे पहले 2000 से 2009 के लिए google और 1989 से 1999 के लिए web को दशक का शब्द चुना गया था।
बता दें कि अंग्रेजी में ‘दे’ का उपयोग एक से ज्यादा व्यक्तियों के ऐसे समूह के लिए किया जाता है, जिनकी पहचान पुरुष या महिला के तौर पर नहीं की जाती। पारंपरिक पुरुष सर्वनाम ‘ही’ और महिला ‘शी’ के स्थान पर ‘दे’ को बहुल तटस्थ सर्वनाम के तौर पर करने को प्राथमिकता दी जाती है।
अमेरिकी डायलएक्ट (भाषिका) सोसाइटी के प्रमुख और भाषा के विकास की पढ़ाई कर रहे बेन जिम्मर के मुताबिक, शुक्रवार को सोसाइटी की तरफ से ‘दे’ के चयन की घोषणा इस बात का संकेत है, ‘कैसे लैंगिक पहचान की निजी अभिव्यक्ति हमारी साझा बोलचाल का बढ़ता हिस्सा बन गई है।’