पाकिस्तान के सिंध प्रांत से वरिष्ठ हिंदू विधायक राणा हमीर सिंह कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। वह हाल में जिले के प्रमुख कस्बे मीठी में मेडिकल वेंटिलेटर कक्ष के उद्घाटन में मुताहिदा मजलिस-ए-अमल पार्टी के प्रांतीय विधायक अब्दुल रशीद से मिले थे। बाद में रशीद भी कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। वहीं, देश में पीड़ितों की संख्या 14,885 हो गई है। मरने वालों की तादाद बढ़कर 327 पहुंच गई है।
- चीन के बाद ब्रिटेन ने संशोधित किया मौतों का आंकड़ा, 3811 नई मौतें जोड़ीं
चीन के बाद ब्रिटेन ने भी कोरोना से मौत के आंकड़ों में संशोधन किया है। इसके चलते एक दिन में वहां मृतकों का आंकड़ा 3,811 बढ़ गया है। साथ ही ब्रिटेन में मृतकों की संख्या 26,097 पहुंच गई। बुधवार से ब्रिटेन ने अस्पतालों के अलावा केयर होम व अपने घरों में इस बीमारी के चलते जान गंवाने वालों का आंकड़ा भी आधिकारिक सूची में शामिल किया।
3811 में सिर्फ 30% लोग अस्पतालों में मरे हैं जबकि 70% की जान केयर होम या खुद के घर में गई है। इससे पूर्व चीन ने भी अपने यहां मौत के आंकडों को छिपाया और बाद में अचानक एक दिन में करीब 1300 मृतक बढ़ा दिए थे।
- कैलिफोर्निया में 45 मिनट में रिपोर्ट बताने वाली जांच किट बनाई
वैज्ञानिकों ने सार्स-सीओवी-2 डिटेक्टर नामक जांच किट विकसित की है, जो कोविड-19 संक्रमण के नतीजे 45 मिनट में बता सकती है। कम लागत वाली किट के शुरुआती परीक्षण सफल रहे हैं।
इटली की राजधानी रोम स्थित होटल अटलांट स्टार रोमा के खुलने से पूर्व उसे सैनिटाइज किया गया। बुधवार को मुख्य गेट पर सैनिटाइज करता स्वास्थ्यकर्मी। यहां प्रतिबंधों में ढील दी गई है।