चीनी ओलंपिक में कर्मचारी नहीं भेजेगा ईएसपीएन
खेल चैनल ईएसपीएन ने घोषणा की है कि वह कोविड-19 से पैदा चिंताओं के कारण चीन में 4 फरवरी से शुरू होने वाले शीतकालीन ओलंपिक में अपना कोई भी समाचार कर्मी नहीं भेजेगा। कंपनी ने कहा कि वह इसके बजाय खेलों को एक मजबूत योजना के साथ कवर करने पर ध्यान देगी। कार्यकारी उपाध्यक्ष नॉर्बी विलियमसन ने कहा, हमारे लिए कर्मचारियों की सुरक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण है।
तिब्बतियों ने खेल बहिष्कार के लिए निकाली रैली
चीन द्वारा मानवाधिकार हनन को लेकर 2022 में बीजिंग शीतकालीन ओलंपिक खेलों के बहिष्कार के लिए ऑस्ट्रिया में तिब्बती संगठन ने एक रैली निकाली। रैली का समर्थन तिब्बती समुदाय के साथ ऑस्ट्रिया में उइगर एसोसिएशन ने भी किया। प्रदर्शनकारियों ने चीन विरोधी तख्तियां ले रखी थीं जिनमें लिखा था, तिब्बत में सांस्कृतिक नरसंहार बंद करो। तिब्बत, चीन का नहीं तिब्बतियों का है।
चीन से दान स्वीकार नहीं करेगा डच विश्वविद्यालय
एम्सटर्डम। चीन सरकार के लिए जासूसी की संभावनाओं के चलते सरकार के राडार पर चल रहा डच विश्वविद्यालय अब चीन से दान की राशि स्वीकार नहीं करेगा। विश्वविद्यालय अब मानवाधिकारों के समर्थन में आया है। प्रारंभ में विश्वविद्यालय ने फंडिंग को सही ठहराया था लेकिन अब उसने कहा है कि वह इसे स्वीकार नहीं करेगा।