अमेरिका की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस।
- फोटो : पीटीआई (फाइल)
अमेरिका में इस साल पांच नवंबर को आम चुनाव के लिए मतदान होना है। इन चुनावों में राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी की ओर से डोनाल्ड ट्रंप और ड्रेमोक्रेटिक पार्टी की संभावित उम्मीदवार कमला हैरिस के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है। इस बीच, हैरिस के प्रचार अभियान ने जुलाई के महीने में रिकॉर्ड 31 करोड़ डॉलर की राशि जुटाई। इसकी तुलना में ट्रंप के प्रचार अभियान ने 13.87 करोड़ डॉलर जुटाए। इसके अलावा, उनके पास 32.7 करोड़ डॉलर की नकद राशि है।
बता दें कि राष्ट्रपति जो बाइडन ने 20 जुलाई को व्हाइट हाउस की दौड़ से पीछे हटने का एलान किया था। इसके साथ ही उन्होंने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस को डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाने का समर्थन किया था। बाद में हैरिस ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। हालांकि, डेमोक्रेटिक पार्टी ने अब तक उन्हें आधिकारिक तौर पर राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार नहीं बनाया है।
हैरिस के चुनाव अभियान ने आज घोषणा की कि उनकी टीम पहले ही एक अरब डॉलर से अधिक की धनराशि जुटा चुकी है। यह राष्ट्रपति चुनाव के लिए किसी भी अभियान द्वारा सबसे तेज गति से जुटाई गई राशि है। हैरिस के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार प्रबंधक जूली शावेज रोड्रिग्ज ने कहा, यह एक ऐसी उम्मीदवार हैं, जो इस नवंबर में इतिहास रचने जा रही हैं। उन्होंने कहा, हमने कुछ ही समय में जो समर्थन देखा है, उससे स्पष्ट होता है कि हैरिस नवंबर में ट्रंप को हराने और काम करने के लिए तैयार हैं।
हैरिस अगर पांच नवंबर को राष्ट्रपति बाइडन के उत्तराधिकारी के तौर पर चुनी जाती हैं, तो वह इस पद पर पहुंचने वाली न केवल पहली महिला होंगी बल्कि पहली भारतीय-अमेरिकी, पहली एशियाई, पहली अश्वेत महिला और जमैका मूल की पहली शख्स होंगी।