अमेरिका से अफगानिस्तान को लेकर शांति वार्ता रद्द होने के बाद तालिबान अब रूस की शरण में पहुंच गया है। तालिबान के एक प्रतिनिधिमंडल ने शांति प्रक्रिया पर हालिया प्रगति के संबंध में रूस के विशेष राजदूत जमीर काबुलोव से राजधानी मास्को में चर्चा की।
अमेरिका के साथ वार्ता के प्रयास नाकाम होने के बाद तालिबान की यह पहली अंतरराष्ट्रीय यात्रा है। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व मुल्ला शेर मोहम्मद स्टानिकजई कर रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले सप्ताह शनिवार को तालिबान से वार्ता रद्द करने की घोषणा कर दी थी। ट्रंप ने काबुल में करीब दो सप्ताह पहले हुए आतंकी हमले के बाद तालिबान से वार्ता रद्द करने का फैसला किया था।
इस बीच, अफगानिस्तान के अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि देश में अगले महीने आम चुनाव संपन्न कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है। राष्ट्रपति के प्रवक्ता सादिक सेदिकी ने कहा कि तालिबान के साथ आधिकारिक शांति वार्ता राष्ट्रपति चुनाव के बाद ही संभव हो सकता है।