इंग्लैंड के पूर्व स्पिन गैंदबाज मोंटी पनेसर ने अब क्रिकेट के साथ सियासत में किस्मत आजमाने की इच्छा जताई है। 37 वर्षीय पनेसर क्रिकेट और फिर लेखन का सफर तय करने के बाद अब लंदन के मेयर बनना चाहते हैं। उन्होंने अपनी किताब ‘द फुल मोंटी’ की प्रति एक दिवसीय विश्व कप के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को भी मुहैया कराई।
पनेसर ने भारतीय पत्रकार संघ (आईजेए) द्वारा आयोजित कार्यक्रम में यहां कहा, ‘राजनीति में मेरी रुचि है। मैं लंदन में रहता हूं, लंदन के बारे में जानता हूं, ऐसे में जब सादिक खान का मेयर के तौर पर कार्यकाल खत्म होगा तो मुझे इसकी जिम्मेदारी मिल सकती है।’
जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने भविष्य में राजनीतिक विचारधारा के बारे में फैसला किया है तो उन्होंने कहा, ‘मैंने इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया क्योंकि मैं अभी भी क्रिकेट खेलना चाहता हूं। आगामी काउंटी सत्र के लिए पूरी तरह फिट होने पर ध्यान दे रहा हूं। इस बीच जब आप क्रिकेट से दूर रहते हैं तो दिमाग को कहीं व्यस्त करना होता है और ऐसे मैं राजनीति के बारे में पढ़ता हूं।’
भारत जल्द दुनिया पर राज करेगा
क्रिकेट से राजनीति में आने की इच्छा रहने वाले मोंटी पनेसर ने भारत को क्रिकेट की महाशक्ति करार देते हुए कहा कि यह भारतीय प्रशंसक ही हैं जो अपनी संख्या और उत्साह से चैंपियनशिप को सफल बनाते हैं। उन्होंने कहा, ‘भारत अब एक संपन्न राष्ट्र है और जल्द ही दुनिया पर राज करेगा।’