तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्ला मुजाहिद (बाएं) और जैश का सरगना मसूद अजहर।
- फोटो : Social Media
अफगानिस्तान की तालिबान सरकार ने पाकिस्तान में पल रहे आतंकवाद को लेकर बड़ा दावा किया है। तालिबान ने जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर की अफगानिस्तान में मौजूदगी से इनकार किया और आरोप लगाया कि ऐसे आतंकवादी संगठन पाकिस्तान की जमीन से संचालित हो सकते हैं। अफगानिस्तान ने कहा कि मसूद अजहर पाकिस्तान में ही है।
गौरतलब है कि पाकिस्तानी मीडिया में जैश प्रमुख अजहर के अफगानिस्तान में होने से जुड़े दावे किए गए थे। खबरों में यह भी कहा गया था कि पाकिस्तान ने अफगानिस्तान तालिबान को एक चिट्ठी लिखी है, जिसमें मसूद अजहर को सौंपने की मांग की गई है। इससे पहले पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के एक उच्चाधिकारी ने कहा था, ‘‘हमने अफगानिस्तान के विदेश मंत्रालय को एक पन्ने का पत्र लिखा है, जिसमें उन्हें मसूद अजहर का पता लगाने और गिरफ्तार करने के लिए कहा गया है, क्योंकि हम मानते हैं कि वह अफगानिस्तान में कहीं (पूर्वी नंगरहार प्रांत) में छिपा हुआ है।’’
इसी पर प्रतिक्रिया में तालिबान की अंतरिम सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने पाकिस्तान पर निशाना साधा। मुजाहिद ने अफगानिस्तान के ‘टोलो न्यूज’ को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने पाकिस्तानी मीडिया में आई खबरें देखी हैं। मुजाहिद ने कहा, ‘‘लेकिन, यह सच नहीं है। किसी ने भी हमसे ऐसी मांग नहीं की है।’’
मुजाहिद ने कहा, ‘‘जैश-ए-मोहम्मद प्रमुख अफगानिस्तान में नहीं है। ऐसे संगठन पाकिस्तान की जमीन से संचालन कर सकते हैं - और यहां तक कि आधिकारिक संरक्षण में भी।’’ प्रवक्ता ने कहा, ‘‘हम किसी को भी, किसी दूसरे देश के खिलाफ अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं देंगे।’’