सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद और उनके चचेरे भाई रमी मखलौफ के बीच जारी कलह अब खुलकर सामने आ गई है। इसके चलते राष्ट्रपति ने उनकी संपत्ति को जब्त कर लिया है और देश में पांच साल तक उनके व्यापार करने पर रोक लगा दी है। महामारी के बीच देश की कमजोर हुई अर्थव्यवस्था के बीच यह बात खुद राष्ट्रपति के भाई ने कही है।
कभी राष्ट्रपति असद के करीबी माने जाने वाले मखलौफ ने अपने फेसबुक पेज पर अनेकों वीडियो और बयान पोस्ट किए, जो इस बात का संकेत दे रहे हैं कि उन्हें राष्ट्रपति से दूर कर दिया गया है और अब वे केवल सोशल मीडिया के जरिए ही उनसे बात कर सकते हैं। मखलौफ ने बताया कि सरकार ने पत्नी व बच्चों समेत उनकी तमाम संपत्ति को जब्त कर लिया है। इसमें उनकी टेलीकम्युनिकेशन कंपनी सीरियाटेल भी है जिसका 50 फीसदी धन सरकार को जाता है। अपने फेसबुक पेज पर मखलौफ न यह भी कहा है कि वे कंपनी को बचा लेंगे।
मखलौफ ने कर्मचारियों से मांगी माफी
मंगलवार को पोस्ट में उन्होंने लिखा, ‘जो मैं कर सकता था वही किया।’ सीरियाटेल के 1.1 करोड़ सब्सक्राइबर हैं और इसमें हजारों लोग नौकरी करते हैं। मखलौफ ने फेसबुक पर लिखा, ‘वे केवल कंपनी को अपने नियंत्रण में लेना चाहते हैं और कुछ नहीं।’ इसके अलावा उन्होंने कंपनी के कर्मचारियों से माफी भी मांगी है।