स्विट्जरलैंड की राजधानी बर्न के पास एक दर्दनाक हादसे में क्षेत्रीय बस में आग लगने से कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस के मुताबिक यह हादसा मंगलवार शाम बर्न से लगभग 25 किलोमीटर पश्चिम स्थित केरजर्स कस्बे में हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी बस उसकी चपेट में आ गई।
पूरी तरह आग की लपटों में घिरी बस
फ्रिबर्ग कैंटन के पुलिस प्रवक्ता फ्रेडरिक पापो ने बताया कि शुरुआती जांच में इस घटना के पीछे किसी स्वैच्छिक कृत्य की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। क्षेत्रीय सरकार ने एक बयान में कहा कि जब बचाव दल मौके पर पहुंचे तो बस पूरी तरह आग की लपटों में घिरी हुई थी और अंदर मौजूद लोगों को बचाना बेहद मुश्किल हो गया था।
ये भी पढ़ें:- अमेरिकी एफ-35 जेट की रफ्तार धीमी करेगा चीन, दुर्लभ खनिजों को बना रहा हथियार
घायलों को हेलीकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया
पुलिस के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को एम्बुलेंस और हेलीकॉप्टर की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इसके अलावा दो अन्य लोगों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।
राष्ट्रीय डाक सेवा से जुड़ी कंपनी की बस
जिस बस में आग लगी वह पोस्टबस द्वारा संचालित क्षेत्रीय परिवहन बस थी। यह कंपनी स्विट्जरलैंड की राष्ट्रीय डाक सेवा से संबद्ध है और कई क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सेवाएं देती है। पुलिस और जांच एजेंसियां फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि बस में आग कैसे लगी और इसके पीछे किसी की साजिश है या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।