भारत में चीन के नए राजदूत सुन वीदोंग
चीन ने दक्षिण एशियाई मामलों के विशेषज्ञ अनुभवी राजनयिक सुन वीदोंग को भारत में अपना नया राजदूत नियुक्त किया है। पाकिस्तान में चीन के राजदूत रहे वीदोंग चीनी विदेश मंत्रालय के नीति एवं योजना विभाग के महानिदेशक रह चुके हैं। इससे पहले भारत में लुओ जाओहुई चीनी राजदूत थे, जिन्हें चीन ने उप विदेश मंत्री नियुक्त किया गया है।
भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि वीदोंग की नियुक्ति को लेकर भारत ने चीन को समझौते के बारे में बता दिया है। चीन में भारत के राजदूत विक्रम मिस्री ने वीदोंग को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘भारत में चीन जनवादी गणराज्य के नए राजदूत के तौर पर नियुक्त किए गए सुन वीदोंग को बधाई।’ मिस्री ने चीन के उप विदेश मंत्री के तौर पर कार्यभार संभालने वाले लुओ से भी मुलाकात की। दोनों ने द्विपक्षीय संबंधों से जुड़ी आगामी गतिविधियों पर विचार विमर्श किया।’’
भारतीय विदेश मंत्री जयशंकर के साथ कर चुके हैं काम
वीदोंग भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ भी काम कर चुके हैं। 2009 से 2013 तक जब जयशंकर भारतीय राजदूत के तौर पर बीजिंग में नियुक्त थे, तब वीदोंग चीनी विदेश मंत्रालय के उप महानिदेशक थे।