दक्षिणी अफगानिस्तान में एक सैन्य जांच चौकी को निशाना बनाकर किए गए आत्मघाती कार बम धमाके में चार नागरिकों समेत कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। हेलमंद प्रांत के गवर्नर के प्रवक्ता ओमर ज्वाक ने बताया कि यह आत्मघाती हमला नहरी साराह जिले में बुधवार देर रात हुआ जिसमें एक छोटा बच्चा और सुरक्षा बल के तीन जवान घायल भी हुए हैं।
पांच सैनिकों समेत चार नागरिक मौके पर ही मारे गए, कई घायल
प्रवक्ता ने बताया कि जिस वक्त हमलावरों ने जांच चौकी को निशाना बनाया उस समय कुछ लोग एक वाहन से वहां से गुजर रहे थे। मारे गए लोगों में दो महिलाएं भी शामिल थीं। अभी तक किसी ने भी तुरंत हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन हेलमंद प्रांत के अधिकांश हिस्से तालिबान विद्रोहियों के नियंत्रण में रह चुके हैं। एक अन्य हमले में अफगानिस्तान के कंधार प्रांत के शाह वली कोट जिले का पुलिस प्रमुख कर्नल पच खान घायल हुआ है। तीन माह पहले भी यहां हुए धमाके में पुलिस प्रमुख घायल हुए थे।