ब्रिटेन में पढ़ाई कर रहा तमिलनाडु का छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में बर्मिंघम शहर की एक नहर में मिला, जिसके मौत हो गई। छात्र का नाम जीवंत शिवकुमार था जो तमिलनाडु के कोयंबटूर शहर का रहने वाला था। वह पिछले सितंबर में पढ़ाई के लिए बर्मिंघम शहर आया था। अब जीवंत के शव को भारत लाने की कोशिशें की जा रही हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने कहा कि बर्मिंघम में एस्टन यूनिवर्सिटी का एक छात्र सुबह साढ़े चार बजे नहर में गंभीर अवस्था में मिला। हालांकि वेस्ट मिडलैंड्स एम्बुलेंस सेवा को मौके पर बुला लिया गया था लेकिन दुख की बात यह है कि चिकित्सा कर्मियों ने छात्र को बचाने की बहुत कोशिश की लेकिन उसकी मौत हो गई।
इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आईएनएसए) और एस्टन यूनिवर्सिटी शिवकुमार के शव को कोयंबटूर में उनके परिवार तक पहुंचाने में सहयोग कर रहा है। शिवकुमार ने बर्मिंघम के एस्टन यूनिवर्सिटी में स्ट्रैटेजिक और इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई के लिए एडमिशन लिया था।
आईएनएसए यूके ने एक बयान में कहा कि हमें अपने प्रिय जीवंत शिवकुमार की दुखद और अप्रत्याशित मृत्यु की सूचना देते हुए गहरा दुख हो रहा है। आईएनएसए यह सुनिश्चित करने के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए समर्पित है कि उनका शरीर सुरक्षित रूप से घर पहुंच जाए। वहीं विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर एलिसन लेवे ने कहा कि विश्वविद्यालय को अपने मूल्यवान सदस्यों में से एक की मृत्यु के बारे में सुनकर गहरा दुख हुआ।
आगे उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ हैं। जीवंत एस्टन यूनिवर्सिटी के एक मूल्यवान सदस्य थे और हम जानते हैं कि उनकी क्षति कई लोगों को महसूस हो रही है। हम उनके परिवार, दोस्तों और उनसे जुड़े लोगों की मदद के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। हम विभिन्न चैनलों के माध्यम से उनके परिवार के साथ नियमित बातचीत बनाए रखना जारी रखे हुए हैं।