हिंद-प्रशांत क्षेत्र के द्वीप देश फिजी और टोंगा में गुरुवार को तेज भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.8 मापी गई है। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने बताया कि गुरुवार रात 11:36 बजे फिजी द्वीप समूह के दक्षिण में भूकंप आया। टोंगा में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। एनसीएस ने एक ट्वीट में कहा कि टोंगा के नुकुअलोफा के दक्षिण पश्चिम में भूकंप आया, जिसका केंद्र 210 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
वहीं, यूनाइटेड स्टेट्स जियोलॉजिकल सर्वे ने एक ट्वीट में कहा कि टोंगा में 7.6 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप का केंद्र टोंगा के हिहिफो से 95 किमी पश्चिम उत्तर पश्चिम में 210.1 किमी की गहराई में था। यूएस सुनामी वार्निंग सिस्टम ने कहा कि भूकंप के बाद सूनामी की कोई चेतावनी नहीं जारी की गई है।
इससे पहले, फिलीपींस के कुछ हिस्सों में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, जिसका केंद्र फिलीपींस की राजधानी मनीला के दक्षिण-पश्चिम में था। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा कि गुरुवार सुबह हुके (Hukay) के पास 6.2 तीव्रता का भूकंप आया, जिसका केंद्र पृथ्वी की सतह से लगभग 120 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके बड़े क्षेत्र में महसूस किए गए, लेकिन बड़ी क्षति होने की संभावना कम है। हुके राजधानी मनीला से लगभग 140 किलोमीटर दूर है।