श्रीलंका में इस जगह पर है रावण का महल!
- फोटो : Freepik
भारत और श्रीलंका के बीच पड़ोसी देश होने की वजह से आपसी संबंध काफी गहरे हैं। खासकर साझा संस्कृति के चलते दोनों देशों में हमेशा से करीबी रही है। इनमें एक जुड़ाव संस्कृत महाकाव्य रामायण के कारण रहा है। अब श्रीलंका की एक एयरलाइंस कंपनी ने इस जुड़ाव का इस्तेमाल देश के पर्यटन को बढ़ाने और भारतीयों को लुभाने के लिए किया है।
श्रीलंकन एयरलाइंस ने पांच मिनट का एक वीडियो ऐड बनाया है। इसमें रामायण के जिक्र के साथ श्रीलंका में इससे जुड़ी सांस्कृतिक धरोहरों के बारे में बताया गया है। वीडियो में एक दादी को अपने पोते को रामायण के बारे में बताते दिखाया गया है। वह इस दौरान श्रीलंका के उन स्थानों का जिक्र करती हैं, जिनके बारे में रामायण में बताया गया है। विज्ञापन में फुटेज के जरिए रावण की गुफा, सीता अम्मान मंदिर के अलावा कई प्रमुख पर्यटन स्थलों को शामिल किया गया है।
श्रीलंकन एयरलाइंस के वीडियो में क्या-क्या?
श्रीलंकन एयरलाइंस के वीडियो ऐड में दादी अपने पोते को जिन स्थलों के बारे में बताती दिख रही हैं। उनमें एला के पास रावण की गुफा शामिल हैं। रामायण के अनुसार यहीं पर रावण ने अपहरण के बाद सीता को रखा था। इसके अलावा सीता अम्मान मंदिर का भी जिक्र किया गया है, इसे अशोक वाटिका के नाम से जाना जाता है। इसके अलावा ऐड में दादी अपने पोते को रामसेतु के बारे में भी बताती हैं, जिसे रामयाण के मुताबिक, भगवान राम ने वानरों की सेना की मदद से तैयार कराया था।
इसी विज्ञापन में रामायण से जुड़े स्थलों के मनोहर दृश्य भी दिखाए गए हैं। इसके अलावा भगवान हनुमान द्वारा लंका में रावण के महल में आग लगाए जाने की घटना और भारत-श्रीलंका के बीच पुल के निर्माण में उनकी भूमिका का भी जिक्र किया गया है। इस दौरान बच्चा जब पूछता है कि क्या यह पुल क्या अभी भी है, तो दादी कहती हैं- हां तुम इसे अभी भी देख सकते हो। इसे रामसेतु के नाम से जाना जाता है। इसके अलावा वीडियो में एनिमेशन के जरिए रामायण की कहानी से जुड़े पात्रों और दृश्यों को दिखाने की कोशिश की गई है।