श्रीलंका में ईस्टर के मौके पर सीरियल बम धमाके हुए
- फोटो : ANI
श्रीलंकाई पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को उन्होंने स्थानीय इस्लामिक चरमपंथी समूह नेशनल तौहिद जमात (एनटीजे) से कथित संबंधों के लिए एक स्कूल प्रिंसिपल और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। सरकार ने इस समूह को ईस्टर रविवार को हुए बम विस्फोटों के लिए दोषी ठहराया है जिसमें करीब 260 लोग मारे गए थे।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार को होरोवपटाना शहर से अतवीरावेवा में एक स्कूल से 56 वर्षीय प्रिंसिपल और 47 वर्षीय शिक्षक को गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा कि होरोवपटाना में स्पेशल टास्क फोर्स ने गिरफ्तारी की है। कोलंबो पेज के मुताबिक संदिग्धों की पहचान नूर मोहम्मद अडू उल और अजिबुल जबार के रूप में की गई है, जो कि होरोवपटाना के कपुगोलेवा के रहनेवाले हैं।
पुलिस को जानकारी मिली है कि उनका एनटीजे और नेता मोहम्मद साहरन हाशिम से सीधा संबंध है, जिन्होंने 21 अप्रैल को कोलंबो के शांगरी-ला होटल पर आत्मघाती हमला किया था। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को केबिथिगोलेवा मजिस्ट्रेट अदालत में संदिग्धों को पेश किया जाएगा।
एक महिला सहित नौ आत्मघाती हमलावरों ने तीन चर्चों और तीन लक्जरी होटलों में तबाही मचाने वाले विस्फोटों की एक श्रृंखला को अंजाम दिया था, जिसमें ईस्टर रविवार को 260 लोग मारे गए और 500 से अधिक लोग घायल हो गए।
इस्लामिक स्टेट ने हमले की ज़िम्मेदारी ली थी लेकिन सरकार ने बम विस्फोट के लिए एनटीजे को दोषी ठहराया। श्रीलंका में ईस्टर रविवार के धमाकों के बाद व्यापक सांप्रदायिक दंगे हुए हैं। मुस्लिम विरोधी दंगों में एक व्यक्ति की हत्या हो गई और इस सप्ताह श्रीलंका में घरों, व्यवसायों और मस्जिदों को व्यापक नुकसान पहुंचाया गया। श्रीलंकाई पुलिस ने कहा है कि मुसलमानों पर हमला करने के लिए 70 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है।