सिंगापुर की अदालत ने भारतीय मूल के एक व्यक्ति को मंगलवार को कोको-कोला की तीन कैन चुराने के आरोप सजा सुनाई है। आरोप है कि सजा पाने वाला व्यक्ति स्थानीय हाउसिंग एस्टेट स्थित एक मिनीमार्ट के पास से गुजर रहा था। तभी उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय मूल के 61 वर्षीय जसविंदर सिंह दिलबरा सिंह ने अदालत के सामने चोरी करने का गुनाह कबूल कर लिया है। अदालत को बताया गया कि, जसविंदर 26 अगस्त को बुकित मेराह पब्लिक हाउसिंग एस्टेट में एक मिनीमार्ट के पास से गुजर रहे थे। तभी उन्होंने मिनीमार्ट में घुसकर फ्रिज का दरवाजा खोला और चोरी की घटना को अंजाम दिया। वह कोका-कोला की तीन कैन बिना भुगतान किए ले गए।
मिनीमार्ट के मालिक और उनकी पत्नी को फ्रिज में कोका-कोला की तीन कैन नहीं मिली। दंपती ने सीसीटीवी फुटेज चेक की तो जसविंदर फ्रिज से लगभग 170 रुपये मूल्य के कोका-कोला की तीन कैन चुराते हुए नजर आए। इसके बाद दंपति ने पुलिस को फोन कर कैमरे की फुटेज दिखाई। जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पुलिस ने उनके फ्लैट पर छापा मारा और उनके फ्रिज से कोका-कोला की दो कैन बरामद की। जिन्हें मार्ट के मलिक को लौटा दिया गया।