दक्षिण अफ्रीका में गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाएं हुईं। इनमें कम से कम 17 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
कहां-कहां हुई गोलीबारी?
पुलिस के मुताबिक, पहली घटना दक्षिण अफ्रीका की राजधानी प्रिटोरिया के पास हुई। यहां जेफ्सविले की एक झुग्गी-बस्ती में गोलीबारी हुई। एक झोपड़ीनुमा घर के अंदर नौ लोगों के शव मिले। सभी के शरीर पर गोली लगने के निशान थे।
दूसरी घटना पीटरमैरिट्जबर्ग शहर के बाहर स्वीटवाटर्स में हुई। यहां एक गाड़ी के अंदर आठ लोगों के शव मिले। गाड़ी पर गोलियों के कई निशान थे।
गोलीबारी के पीछे क्या वजह थी?
पुलिस ने बताया कि दोनों घटनाओं के पीछे की वजह अभी पता नहीं चल पाई है। जेफ्सविले में गोलीबारी रविवार रात हुई थी। इस मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। वहीं, पीटरमैरिट्जबर्ग में पुलिस अभी तक मृतकों और संदिग्धों की पहचान नहीं कर पाई है।
क्या पहले भी हुए हैं ऐसे हमले?
दक्षिण अफ्रीका में हाल के दिनों में सामूहिक गोलीबारी की कई घटनाएं हुई हैं। इनमें से कई घटनाओं के तार आपराधिक गिरोहों से जुड़े हैं। सितंबर में डरबन शहर के पास एक गरीब इलाके में गोलीबारी हुई थी। यहां तीन बंदूकधारी एक छोटे से घर में घुस गए थे।
ये भी पढ़ें:
'भारत को न पढ़ाएं लोकतंत्र का पाठ': फिलिबेक के बयान पर मेलोनी की करीबी नेता ने उठाए सवाल, किसे दे डाली नसीहत?
उस समय घर में एक पार्टी चल रही थी। हमलावरों ने वहां मौजूद लोगों पर गोलियां चला दी थीं। इस हमले में कम से कम 11 लोगों की मौत हुई थी। मरने वालों में एक गर्भवती महिला भी शामिल थी।
जून में भी हुई थी 12 लोगों की हत्या
इस साल जून में जोहान्सबर्ग के एक गरीब इलाके में भी गोलीबारी हुई थी। इस हमले में कई हमलावर शामिल थे। उन्होंने 12 लोगों की हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस हमले को आपराधिक गिरोहों से जुड़ा बताया था।
पिछले साल दिसंबर में भी सामूहिक गोलीबारी की दो घटनाएं हुई थीं। इन दोनों घटनाओं के बीच सिर्फ दो हफ्ते का अंतर था। दोनों हमलों में कुल 21 लोगों की मौत हुई थी। इन हमलों को भी कई बंदूकधारियों ने अंजाम दिया था।