कनाडा के वैंकूवर में सड़क के किनारे मनाए जा रहे पारंपरिक उत्सव के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार कार ने उत्सव में भाग ले रहे लोगों को कुचल दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की खबर है।
कनाडा के वैंकूवर से बड़ी खबर आ रही है। यहां एक समारोह के दौरान तेज रफ्तार कार ने भीड़ को कुचल दिया। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है। आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
फिलिपिनो समुदाय के उत्सव में भाग ले रहे थे लोग
पुलिस ने बताया कि कनाडा में एक सड़क पर पारंपरिक उत्सव चल रहा था। इसमें भाग ले रहे लोगों को कार चालक ने कुचल दिया। अब तक मृतकों और घायलों का सही आंकड़ा सामने नहीं आया है। वैंकूवर पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि शुक्रवार रात 8 बजे के बाद वाहन उस सड़क पर घुसा, जहां लोग फिलिपिनो समुदाय के उत्सव में भाग ले रहे थे।
विज्ञापन
मृतकों या घायलों की सही संख्या तुरंत उपलब्ध नहीं
पुलिस ने कहा, 'एक चालक द्वारा भीड़ में गाड़ी चलाने के बाद कई लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।' हादसे में नौ लोगों की मौत की जानकारी सामने आई है।' पुलिस ने बताया कि चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
लापु लापु दिवस उत्सव मनाया जा रहा था
साउथ वैंकूवर के एक इलाके में लापु लापु दिवस उत्सव मनाया जा रहा था। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो में पीड़ितों और मलबे को सड़क के एक लंबे हिस्से पर बिखरा हुआ दिखाया गया है, जिसमें कम से कम सात लोग जमीन पर बेसुध पड़े हुए हैं। घटनास्थल से ली गई तस्वीरों में एक काली एसयूवी को देखा जा सकता है, जिसका अगला हिस्सा टूटा हुआ है।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अन्य कनाडाई राजनीतिक हस्तियों ने घटना की निंदा की
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और अन्य कनाडाई राजनीतिक हस्तियों ने घटना की निंदा की। उन्होंने पीड़ितों के प्रति संवेदना और उत्सव में अपनी विरासत का जश्न मना रहे समुदाय के प्रति समर्थन व्यक्त करते हुए संदेश पोस्ट किए। कार्नी ने लिखा, 'मैं मारे गए और घायल हुए लोगों के प्रियजनों, फिलिपिनो कनाडाई समुदाय और वैंकूवर में सभी के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। हम सभी आपके साथ हैं।'
न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता जगमीत सिंह ने घटना से पहले उत्सव में हिस्सा लिया था। उन्होंने कहा, 'जैसा कि हम और अधिक जानने की प्रतीक्षा कर रहे हैं, हमारे विचार पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ हैं। वैंकूवर के फिलिपिनो समुदाय के साथ जो आज जश्न मनाने के लिए एक साथ आए थे। उनके दुख में हम उनके साथ हैं।'
कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोलीवरे ने लिखा, 'मेरे विचार फिलिपिनो समुदाय और इस मूर्खतापूर्ण हमले के शिकार सभी पीड़ितों के साथ हैं। हम और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। हालात पर हमारी नजर है।'
ब्रिटिश कोलंबिया के प्रीमियर डेविड एबी (जिस प्रांत में वैंकूवर स्थित है) ने कहा कि वह स्तब्ध और दुखी हैं। एबी ने लिखा, 'हम वैंकूवर शहर के संपर्क में हैं और आवश्यक सहायता प्रदान करेंगे।'