यूक्रेन, रूस के कब्जे वाले क्षेत्र और रूस में सप्ताहांत के दौरान हुए हमलों में 16 लोगों की मौत हुई है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, चेर्नोबिल परमाणु हादसे की 40वीं वर्षगांठ पर परमाणु संयंत्र के पास हमलों के खतरे को लेकर नई चेतावनियां जारी की गई हैं, क्योंकि रूस का अपने पड़ोसी देश पर चार साल से अधिक समय से आक्रमण जारी है।
निप्रो शहर में ड्रोन-मिसाइल हमलों में नौ की मौत
निप्रो शहर पर रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। वहीं, रूस के कब्जे वाले क्रीमिया के बंदरगाह शहर सेवस्तोपोल में यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई। रूस ने क्रीमिया को 2014 में अपने में मिला लिया था। अधिकांश देश इसे अवैध मानते हैं।
यूक्रेन के ड्रोन हमले में लुहान्स्क में तीन लोगों ने गंवाई जान
लुहान्स्क प्रशासन ने बताया कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन लोगों की मौत हुई। जबकि, इससे पहले दो लोगों के मारे जाने की सूचना दी गई थी। इन हमलों पर यूक्रेन ने कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है और इनकी स्वतंत्र पुष्टि भी नहीं हो पाई है। लुहान्स्क क्षेत्र अभी रूस के नियंत्रण में है।
इसके अलावा, रूस के बेलगोरोद सीमा क्षेत्र में यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हुई। यूक्रेन ने रूस के अंदर यारोस्लाव्ल में एक तेल रिफाइनरी पर भी हमला किया, जिससे उसमें आग लग गई। यह रिफाइनरी बड़ी मात्रा में तेल, डीजल और विमानन ईंधन बनाती है, जिसका उपयोग रूसी सेना करती है।
लंबी दूरी तक हमले करने वाले ड्रोन विकसित कर रहा यूक्रेन
यूक्रेन अब ऐसे ड्रोन विकसित कर चुका है,जो रूस में 1500 किलोमीटर अंदर तक जाकर हमला कर सकते हैं। वहीं, यूक्रेन का कहना है कि रूस इन तेल सुविधाओं से मिलने वाली कमाई का इस्तेमाल हथियार खरीदने में करता है।
ये भी पढ़ें:
हमलावर की प्लानिंग आई सामने?: ट्रंप जिस होटल में कर रहे थे इवेंट, वहीं ठहरा था संदिग्ध; सुरक्षा देख खोया आपा
रूस के हमले दुनिया को परमाणु खतरे की ओर धकेल रहे: जेलेंस्की
चेर्नोबिल हादसे की वर्षगांठ पर यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा, रूस के हमले दुनिया को फिर से परमाणु खतरे की ओर धकेल रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने भी चेतावनी दी है कि चेर्नोबिल संयंत्र की सुरक्षा संरचना को हुए नुकसान की तत्काल मरम्मत जरूरी है, नहीं तो खतरा और बढ़ सकता है।
मरम्मत पर आएगी करीब 500 मिलियन यूरो की लागत: यूरोपीय बैंक
यूरोपीय बैंक ने इस मरम्मत पर करीब 500 मिलियन यूरो की लागत आएगी। यूक्रेन ने दावा किया कि चेर्नोबिल के रिएक्टर नंबर 4 पर 2019 में बनाई गई विशाल सुरक्षा संरचना को 2025 में ड्रोन हमले में निशाना बनाया गया। हालांकि, रूस ने इसे खारिज करते हुए कहा कि हमला यूक्रेन ने खुद किया था।