खाड़ी में ईरान-अमेरिका तनाव के बीच 25 लाख से अधिक मुसलमान सऊदी अरब में पवित्र इस्लामिक शहर मक्का में वार्षिक हजयात्रा शुक्रवार को शुरू करेंगे। हज के मद्देनजर बड़ी संख्या में हाजी मक्का में जुटना शुरू हो गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार को स्थानीय समयानुसार दोपहर तक 18 लाख से अधिक लोग पहुंचे।
बता दें कि इस साल हजयात्रा क्षेत्र में तेल के टैंकरों पर हमले और ड्रोन हमले बढ़ने को लेकर पैदा हुए तनाव के बीच हो रही है। खाड़ी के अग्रणी देश सऊदी अरब और उसके साथी देश अमेरिका ने ईरान को इन हमलों के लिए जिम्मेदार ठहराया है। सऊदी अरब के चिर प्रतिद्वंद्वी तेहरान ने इससे इनकार किया है। ‘तस्निम’ समाचार एजेंसी के अनुसार, सउदी अरब और ईरान के बीच कूटनीति रिश्ते बंद होने के बावजूद ईरान के करीब 88,550 ईरानियों के इस साल हज यात्रा में भाग लेने की उम्मीद है।