फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हादसा या साजिश!: 'मिसाइल हमले से नहीं, विमान में ग्रेनेड फटने से हुई वैगनर चीफ प्रिगोझिन की मौत', बोले पुतिन

Fri, 06 Oct 2023 07:06 AM IST
जलज मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मॉस्को

सार

मॉस्को में 23 अगस्त को एक विमान दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई थी। इसमें निजी सैन्य समूह ‘वैग्नर ग्रुप’ का प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन भी शामिल था। प्रिगोझिन जून में रूस की सरकार के खिलाफ बगावत का एलान करने के बाद से चर्चा में थे।
विज्ञापन
व्लादिमीर पुतिन, येवगेनी प्रिगोझिन - फोटो : निर्मलकांत/अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भाड़े के सैनिकों के प्रमुख की मौत को लेकर एक दावा किया है। उन्होंने गुरुवार को कहा कि येवगेनी प्रिगोझिन की मौत मिसाइल हमले नहीं बल्कि विमान के अंदर रखे ग्रेनेड के विस्फोट के कारण हुई थी। बता दें, दो माह पहल एक विमान हादसे में प्रिगोझिन की मौत हो गई थी। 

विज्ञापन


मॉस्को में बुधवार यानी 23 अगस्त को एक विमान दुर्घटना में 10 लोगों की मौत हो गई थी। जिसमें निजी सैन्य समूह ‘वैग्नर ग्रुप’ का प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन भी शामिल था। प्रिगोझिन जून में रूस की सरकार के खिलाफ बगावत का एलान करते हुए वैग्नर लड़ाकों को मॉस्को की ओर मार्च का आदेश देने के बाद से चर्चा में आए थे।



अब पुतिन ने सोची के काला सागर रिसॉर्ट में वल्दाई डिस्कशन क्लब की एक बैठक में जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि रूस की जांच समिति के प्रमुख ने कुछ दिन पहले ही रिपोर्ट दी है। इसमें कहा गया है कि दुर्घटना में मारे गए लोगों के शरीर में विस्फोटक तत्व पाए गए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अमेरिकी अधिकारियों के उन दावों को भी खारिज कर दिया, जिसमें कहा गया था कि विमान को जानबूझकर निशाना बनाकर मार गिराया था। 
विज्ञापन


हालांकि, पुतिन ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी कि ग्रेनेड विमान में कैसे पहुंचा और विस्फोट कैसे हुआ। वहीं, रूसी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें लगता है कि जांचकर्ताओं ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के शवों में अल्कोहल और ड्रग परीक्षण नहीं किया था। जबकि ऐसा किया जाना चाहिए था। 

पुतिन ने कहा, 'मेरी राय में अल्कोहल और ड्रग की जांच की जानी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।’ वहीं, क्रेमलिन ने इस बात को 'पूरी तरह झूठ' बताकर खारिज कर दिया है कि पुतिन ने बदला लेने के लिए प्रिगोझिन की हत्या कराई थी।

पुतिन ने आगे कहा कि सेंट पीटर्सबर्ग में वैगनर के कार्यालयों की तलाशी में, एफएसबी सुरक्षा सेवा को 10 अरब रूबल नकद और पांच किलोग्राम कोकीन मिला था। हालांकि, दुर्घटना के जांचकर्ताओं ने अभी तक सार्वजनिक रूप से रिपोर्ट जारी नहीं की है। 

येवगेनी प्रिगोझिन के बारे में जानिए
येवगेनी प्रिगोझिन का जन्म साल 1961 में लेनिनग्राड में हुआ था। लेनिनग्राड को आज हम सेंट पीट्सबर्ग के नाम से जानते हैं। साल 1981 में येवगेनी को मारपीट, डकैती और धोखाधड़ी का दोषी पाए जाने पर 13 साल की सजा सुनाई गई थी। हालांकि, सोवियत यूनियन के पतन के बाद येवगेनी को 9 साल की सजा के बाद ही रिहा कर दिया गया था।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें