रूसी हमले के बाद अब तक पांच लाख से ज्यादा यूक्रेनी यूरोप के अलग-अलग सीमावर्ती देशों में शरण ले चुके है, जहां उनका खुले दिल से स्वागत किया जा रहा है। सोमवार को भी पोलैंड, हंगरी, स्लोवाकिया, रोमानिया जैसे देशों की सीमाओं पर शरणार्थियों से भरी बस और कारों की लंबी कतारें लगी रहीं तो सैंकड़ों की तादाद में लोग पैदल चलकर ही वहां पहुंच गए।
यूक्रेन की टैंक रोधी और हवाई क्षमता मजबूत करने पर जोर
रूस के खिलाफ यूक्रेन की जवाबी कार्रवाई मजबूत करने के लिए अमेरिका, यूरोप समेत कई अन्य सहयोगी देश उसे भारी सैन्य साजो-सामान मुहैया करा रहे हैं। इस कड़ी में सोमवार को नाटो ने कहा कि वह यूक्रेन की हवाई क्षमता बढ़ाने जा रहा है। इसके लिए एयर डिफेंस मिसाइल और एंटी टैंक हथियार दिए जा रहे हैं।
नाटो प्रमुख जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने ट्वीट कर कहा, उन्होंने यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की और यूक्रेनी सेना व लोगों की बहादुरी की सराहना की। मैंने बताया कि नाटो देश यूक्रेन को एयर डिफेंस मिसाइल और एंटी टैंक हथियार की मदद बढ़ा रहे हैं।
स्लोवाकिया देगा 50 लाख डॉलर का सैन्य सामान
स्लोवाकिया संकटग्रस्त देश को 50 लाख डॉलर के एयर डिफेंस सिस्टम और एंटी टैंक मिसाइलें देने जा रहा है। रविवार को स्लोवाक कैबिनेट ने आपात बैठक बुलाकर इस पर सहमति जता दी। रक्षा मंत्री जारोस्लाव नाद ने यह जानकारी दी।
ऑस्ट्रेलिया से मिलेंगे घातक हथियार
ब्रिटेन ने की यूक्रेनियों को वीजा की पेशकश
ब्रिटेन ने यूक्रेन के शरणार्थियों को अपना वीजा देने की पेशकश की है। पीएम बोरिस जॉनसन ने एलान किया है कि रूसी आक्रमण के बाद देश छोड़ रहे यूक्रेनवासी ब्रिटेन भी आ सकते हैं। हालांकि, अभी उन्हें ही अनुमति दी जाएगी, जिनके परिवार के सदस्य पहले से ही यहां बसे हुए हैं। जॉनसन ने कहा कि उनका देश जरूरत की इस घड़ी में यूक्रेन को पीठ नहीं दिखाएगा।
जॉनसन ने कहा, पिछले कुछ दिनों में दुनिया यूक्रेन के लोगों की बहादुरी और वीरता को देखा है, जो बलपूर्वक अपनी आजादी पर हमला करने वाले रूस को जवाब दे रहे। पीएम ने बताया, शरणार्थियों की बुनियादी जरूरतों की आपूर्ति, दवाओं, सीरिंज, ड्रेसिंग जैसी अन्य चिकित्सा आपूर्ति के लिए ब्रिटेन चार करोड़ पाउंड की सहायता देगा।
भारतीय छात्र भी हंगरी सीमा पर पहुंचे
हंगरी के सीमावर्ती गांव बेरेगसुरनी में बने शरणार्थी केंद्र पर भारत, नाइजीरिया और अन्य अफ्रीकी देशों के मेडिकल छात्र भी पहुंच रहे हैं। भारत के 22 वर्षीय मसरूर अहमद ने बताया कि वह 18 अन्य छात्रों के साथ बुडापेस्ट जाने के लिए आए हैं।
बुल्गारियाः हमले को युद्ध न कहने वाले रक्षा मंत्री होंगे बर्खास्त
रूस के हमले को युद्ध के बजाय ऑपरेशन करार देने वाले बुल्गारियाई रक्षामंत्री बर्खास्त किए जाएंगे। सोमवार को पीएम किरिल पेत्कोव ने कहा, जब हजारों फौजी मारे जा रहे हों, तो फिर मौन नहीं रहा जा सकता और सिर झुकाना हमारे हित में नहीं है। उनके किसी भी मंत्री को निजी विदेश नीति चलाने की इजाजत नहीं दी जा सकती।
40 लाख पलायन संभव
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के उच्चायुक्त फिलिप्पो ग्रैंडी ने कहा कि रूसी घुसपैठ के बाद चार दिनों में पांच लाख लोग यूक्रेन से जाने को मजबूर हुए हैं। रविवार को 45,200 लोग पोलैंड पहुंचे। 40 लाख यूक्रेनी पलायन कर सकते हैं।
फेसबुक-ट्विटर ने बंद किए कई अकाउंट
फेसबुक की मलिकाना कंपनी मेटा ने सोमवार को खुलासा किया कि युद्ध के दौरान यूक्रेन के प्रमुख नागरिकों के अकाउंट हैक करने की कोशिश हुई। पिछले 48 घंटे में उसने 40 अकाउंट, पेज व ग्रुप ब्लॉक किए जिनसे यूक्रेन पर अफवाहें भी फैलाई जा रही थीं। वहीं ट्विटर ने रूस से चलाए जा रहे 12 से अधिक अकाउंट व कई लिंक ब्लॉक करने की जानकारी दी। इनका लक्ष्य दुष्प्रचार कर यूक्रेन के लोगाें को प्रभावित करना था। यूक्रेन के साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों ने बताया कि बेलारूस के हैकर्स यूक्रेनी सैन्य अधिकारियों के निजी ई-मेल हैक करने का प्रयास कर रहे थे।