जंग नहीं हारे : यूक्रेनी गवर्नर
लुहांस्क के यूक्रेनी गवर्नर सेरेही गैदाई ने कहा, रूस ने दोनों शहरों तबाह कर दिए हैं। इन शहरों को रूसी कब्जे में देखकर बहुत दुख हो रहा है। लेकिन, यह युद्ध में हार नहीं है। गैदाई ने आशंका जताई कि अब दोनेस्क के स्लोवियांस्क और बाखमत शहर रूसी निशाने पर होंगे।
हथियार नहीं डालेंगे : जेलेंस्की
जेलेंस्की ने लुहांस्क पर रूसी कब्जे को लेकर कहा कि यूक्रेन किसी भी कीमत पर हथियार नहीं डालेगा, क्योंकि ऐसा करने का एक ही मतलब है, दुनिया से यूक्रेन का अस्तित्व खत्म हो जाना, जो यूक्रेनी लोग कभी होने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि स्नैक आइलैंड और काला सागर में यूक्रेनी झंडा लहराना साबित करता है कि यूक्रेन फिर से उठ खड़ा होगा।
हमले बढ़े, स्लोवियांस्क में छह की मौत
रूसी बलों ने पूर्वी यूक्रेन के काफी भीतर तक हमले बढ़ा दिए हैं। लिसिचंस्क से यूक्रेन के पीछे हटते ही रूसी सेना ने यूक्रेन के पूर्वी शहर स्लोवियांस्क पर गोलाबारी बढ़ा दी जिसमें 6 की मौत हो गई। लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदई ने बताया यूक्रेनी बल आत्मसमर्पण की स्थिति से बचने के लिए लिसिचंस्क से निकल आए हैं। उन्होंने कहा, यदि यह बल वहां मौजूद रहता तो रूसी घेराबंदी की आशंका थी, जिसमें काफी नुकसान होता। रूस ने स्लोवियांस्क व क्रमतोरस्क पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है।
समूचे दोनबास पर नजर
ब्रिटिश रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी बल अब दोनेस्क पर कब्जा करना शुरू करेंगे। पुतिन की समूचे दोनबास पर कब्जे के लक्ष्य पर निगाह है। वे 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमले से पहले ही दोनबास प्रांत को अलग करने के प्रस्ताव मुहर लगा चुके हैं।
यूक्रेन को बख्तरबंद वाहन देगा ऑस्ट्रेलिया
ऑस्ट्रेलिया 34 और बख्तरबंद वाहन यूक्रेन को देगा। साथ ही ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज ने कीव में कहा, रूस से सोने का आयात भी प्रतिबंधित कर दिया गया है।