जमीन का एक-एक टुकड़ा वापस लेकर रहेंगे
यूक्रेनी राष्ट्रपति वालोदिमीर जेलेंस्की ने दक्षिण में मायकोलाइव क्षेत्र सहित कई मोर्चों का दौरा कर सैनिकों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने कहा कि यकीनन जीत यूक्रेन की होगी। उन्होंने कहा कि दक्षिणी क्षेत्र के पूर्व में रूसी सेना ने जितने इलाकों पर कब्जा कर रखा है, उन्हें यूक्रेन फिर से हासिल करके ही दम लेगा।
मितयोल्किन पर रूस का कब्जा
रूसी रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया कि सेवेरोदोनेस्क के दक्षिण-पूर्व में मितयोल्किन शहर पूरी तरह रूसी सेना के नियंत्रण में है। यूक्रेनी सेना ने भी रूस की इस कामयाबी की पुष्टि की है। लुहांस्क के गवर्नर सेरही गैदाई ने सेवेरोदोनेस्क पर रूसी कब्जे के दावे को खारिज करते हुए कहा, यूक्रेनी बल लगातार रूस को जवाब दे रहे हैं। वहीं, सेवेरस्कइ के दूसरे छोर पर बसे लिसईचांस्क में रूस ने मिसाइल हमलों से भारी तबाही मचाई है। लोग, भोजन और इलाज के अभाव में सड़कों पर दम तोड़ रहे हैं।