यूक्रेन में खारकीव के मुख्य क्षेत्रों से रूस ने सैनिकों को वापस बुलाने का फैसला किया है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता इगोर कोनशेंकोव ने बताया कि बालक्लीया और इज्यूम इलाकों में सैनिकों की फिर से तैनाती की जाएगी। दोनेस्क क्षेत्र में भी सैन्य ताकत बढ़ाई जाएगी। खारकीव में इज्यूम रूसी सेना का महत्वपूर्ण ठिकाना था।
प्रवक्ता के मुताबिक, पूर्वी यूक्रेन के दोन्बास को मुक्त कराने के लिए विशेष सैन्य अभियान चलाया जाएगा। इसह मकसद से यह कदम उठाया गया है। इससे पहले रूस ने कहव से सैनिकों को वापस बुलाते समय भी इसी तरह का बयान दिया था।
कुपियांस्क पर यूक्रेन का कब्जा
इस बीच उत्तरपूर्वी यूक्रेन के प्रमुख रेलवे शहर कुपियांस्क से दोनबास मोर्चे पर लड़ रहे रूसी फौजों को रसद पहुंचाई जा रही थी, लेकिन अब इस पर यूक्रेनी सेना ने कब्जा कर लिया है। यूक्रेनी अधिकारियों ने शनिवार को इस शहर में राष्ट्रीय ध्वज उठाए यूक्रेनी फौजियों के फोटो जारी किए। इस शहर के कब्जे से निकलने के बाद रूस के सामने शर्मनाक पराजय का खतरा उत्पन्न हो गया है।
हाल में रूस के कब्जे से छुड़ाए गए काफी बड़े इलाके में यूक्रेनी पुलिस पेट्रोलिंग करती दिखी। मोर्चों से रूसी सैनिकों के भागने के बाद बारूद के ढेर लगे हैं। कुपियांस्क से रूस का सीधा रेल संपर्क है। इससे मॉस्को का मुख्य प्रवेश द्वार बंद हो गया है और हजारों रूसी फौजियों के इलाके में फंसने की आशंका है।