संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने जलवायु संबंधी पेरिस समझौते के तहत उठाए जाने वाले कदम की पुष्टि करने को लेकर भारत की प्रशंसा की है। बान की मून ने कहा कि वे दिल्ली की तरफ से इस बाबत सूचना मिलने को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। बान की मून के प्रवक्ता फरहान हक ने कहा कि पेरिस समझौते को लेकर यूएन शामिल देशों के जल्द से जल्द अनुमोदन किये जाने का इंतजार कर रहा है और इसके तहत भारत द्वारा की जाने वाली कार्रवाई से उन्हें खुशी होगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केरल में दिए अपने भाषण में पिछले साल पेरिस में हुए जलवायु परिवर्तन समझौते को लेकर इस साल 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की जयंती पर अनुमोदन किये जाने की बात कही है। पेरिस समझौते के लागू होने के लिए ऐसे कम से कम 55 देशों से इसके अनुमोदन की जरूरत है, जो ग्रीन हाउस गैस के कुल 55 प्रतिशत उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार हैं। इन देशों के अनुमोदन के 30 दिनों बाद यह लागू हो जाएगा।