कीनिया के मोंबासा शहर में अधिकारियों के अनुसार दो धमाकों में कम से कम तीन लोग मारे गए हैं।
पहला धमाका शहर के बीचोंबीच हुआ जहां एक मिनी बस पर ग्रेनेड फेंका गया। इसमें तीन लोग मारे गए और छह घायल हो गए। वहीं दूसरा धमाका शहर के उत्तरी इलाके में पर्यटकों के एक होटल में हुआ, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
इस बीच एक सिनेमाघर में भी विस्फोटक उपकरण मिलने की ख़बर है, जो फटा नहीं। कीनिया ने 2011 में जब से सोमालिया में चरमपंथी संगठन अल शबाब से लड़ने के लिए अपने सैनिक भेजे हैं, वहां लगातार धमाके और हमले हो रहे हैं।
शनिवार को हुए इन धमाकों की ज़िम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है। नैरोबी में बीबीसी संवाददाता महामूद अली का कहना है कि ये तीनों घटनाएं चंद मिनटों के भीतर सामने आईं।