इसराइल का कहना है कि लेबनान से सटी उसकी सीमा के पास इसराइली सैन्य काफिले पर हिजबुल्लाह के हमले में उसके दो सैनिक समेत तीन लोग मारे गए हैं। मारे जाने वालों में संयुक्त राष्ट्र शांति का एक सैनिक भी शामिल है। इस हमले में सात सैनिक घायल भी हुए हैं।
इसके जवाब में इसराइल ने दक्षिणी लेबनान के कई ठिकानों पर गोलाबारी की है। इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा है कि इसराइली सैन्य काफिले पर हमले के जिम्मेदार लोगों को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।
संयुक्त राष्ट्र ने भी अपने एक सैनिक के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक़ शांति सेना के मारे गए सैनिक का ताल्लुक़ स्पेन से था।
संयुक्त राष्ट्र के एक प्रवक्ता ने बयान जारी कर कहा है कि हालात को और बिगड़ने से बचाने के लिए दोनों पक्षों को संयम बरतने की जरूरत है। इस ताज़ा हिंसा से पैदा हुए हालात का जायजा लेने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक होने वाली है।
हिजबुल्लाह ने एक बयान जारी कर कहा है कि उसके लड़ाकों ने इसराइली सेना की कई गाड़ियों को तबाह कर दिया है जिसमें उसके कई सैनिक जख्मी हुए हैं।
हिजबुल्लाह के अनुसार 10 दिन पहले सीरिया पर हुए इसराइली हवाई हमले में उसके लड़ाकों की मौत का बदला लेने के लिए इसराइली सैनिकों को निशाना बनाया गया है। इसराइली हमले में ईरानी सेना के वरिष्ठ अधिकारी के अलावा हिजबुल्लाह के छह लड़ाके मारे गए थे।