इस खत में बच्चों ने लिखा है कि वह गुफा से निकलते ही घर जाना चाहते हैं। उन्होंने लिखा कि वह मजबूत हैं और उनकी चिंता ना की जाए। कई ने तो यह भी कहा कि जब वह गुफा से बाहर निकलें तो उन्हें उनका पसंदीदा खाना दिया जाए। वहीं एक बच्चे ने कहा कि 'चिंता मत करो, मैं ठीक हूं।' एक अन्य बच्चे ने कहा कि 'आई लव यू पापा, मम्मी और खिलौने। अगर मैं बाहर निकल पाया तो आप कृप्या मुझे मेरे पसंदीदा रेस्टोरेंट में लेकर जाना।' एक और बच्चे ने लिखा, 'मेरी चिंता मत करो कि मैं दो हफ्तों से लापता हूं, मैं जल्द ही दुकान में आपकी मदद करूंगा।'
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नेवी कमांडो की मौत
थाईलैंड में गुफा में फंसे 12 बच्चों और उनके कोच को बचाने के दौरान बीते दिनों एक बड़ी दुर्घटना भी हुई। उन्हें बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन किया जा रहा था। इसी दौरान बचाव कार्य में लगे एक नेवी कमांडो की मौत हो गई। कमांडो की मौत की वजह ऑक्सीजन की कमी थी। वह फुटबॉल टीम को ऑक्सीजन की सप्लाई करने गए थे। बचाव दल में लगे कमांडोज को प्रतिकूल मौसम से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने पूरे हफ्ते तक बारिश होने का अनुमान जताया है।
बता दें ये बच्चे चिआंग राय प्रांत के थाम लुआंग गुफा में फंसे हुए हैं। इस गुफा से निकलना बेहद मुश्किल बताया जा रहा है क्योंकि यहां चारों तरफ पानी है। अंधेरी गुफा का रास्ता बेहद ही संकरा है। साथ ही वहां कीचड़ भी है। इस दौरान चिआंग राय के राज्यपाल का कहना है कि पहले तो इस कार्य में समय परेशानी बन रहा था लेकिन अब मौसम भी परेशानी बन रहा है।
जानकारी के मुताबिक गुफा में पहले से ही अधिक मात्रा में जल भरा हुआ है। अब अधिक बारिश की आशंका ने भी इस खतरे को और बढ़ा दिया। क्योंकि बारिश से यहां का जलस्तर भी बढ़ सकता है जिससे इसमें फंसे लोगों की जान को खतरा हो सकता है। गुफा के अंदर पानी ना बढ़े इसके लिए प्रवेशद्वार बंद कर दिया गया है।
गौरतलब है कि 23 जून को थाईलैंड की अंडर 16 फुटबॉल टीम के 12 बच्चे और उनके 25 वर्षीय कोच इस गुफा में फंस गए थे। सूत्रों द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने बारिश से बचने के लिए गुफा की शरण ली थी। जिसके बाद अधिक बारिश होने से गुफा का प्रवेश द्वार बंद हो गया। जिसके बाद ये बच्चे और उनके कोच बाहर नहीं निकल पाए। इन बच्चों की उम्र 11 से 16 के बीच है। जिस स्थान पर बच्चे फंसे हैं वहां तक पहुंचने के लिए 11 घंटे का वक्त लगता है।
बाहर निकालने में लगेगा 4 महीने का वक्त
इस गुफा में ये सभी लोग 23 जून से फंसे हुए हैं। बचाव कार्य के लिए अमेरिका सहित कई देश मदद की पेशकश भी कर चुके हैं। बचावकर्ताओं के दल को इन्हें ढूंढने में 9 दिनों का समय लगा था। जिसके बाद 10वें दिन इन तक खाना और दवाईयां पहुंचाई गईं। थाई सेना का कहना है कि इन्हें बाहर निकालने में 4 महीने का समय लगेगा।