हवाई यात्रा के दौरान लगने वाले तरह तरह के अंतहीन टैक्सों के हम आदी हैं, मसलन, पैसेंजर टैक्स, डिपार्चर टैक्स, ईंधन लेवी।
लेकिन वेनेजुएला का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा एक कदम आगे ही है। यहां स्वच्छ हवा में सांस लेने के लिए टैक्स लिया जा रहा है और सोशल मीडिया में इसकी खूब आलोचना हो रही है।
कराकस में मायकेटिया हवाई अड्डे पर यात्रियों को 20 डॉलर यानी करीब 1200 रूपए सांस लेने के लिए टैक्स के रूप में देने पड़ रहे हैं। यह टैक्स उस नई प्रणाली के सेवा शुल्क के तहत वसूले जा रहे हैं, जो ओज़ोन की मदद से हवाई अड्डे की इमारत में लगे एयर कंडिशनिंग प्रणाली को शुद्ध करती है।