खबरें हैं कि अफगानिस्तान में तालिबान नेता मुल्ला अख्तर मंसूर पाकिस्तान में एक बैठक के दौरान आपसी विवाद के कारण हुई फायरिंग में जख्मी हो गए हैं। यह बैठक पाकिस्तानी शहर क्वेटा के सुदूरवर्ती इलाके में चल रही थी। गोलीबारी में चार लोग के मारे जाने की खबर है।
रिपोर्ट के मुताबिक यह बैठक क्वेटा के कुचलाक इलाके में अब्दुल्लाह सरहदी के घर पर चल रही थी। खबर है कि अब्दुल्लाह सरहदी की इस झड़प में मौत हो चुकी है। तालिबान से जुड़े एक सूत्र ने बीबीसी को बताया कि फायरिंग अचानक शुरू हुई। मगर तालिबान के एक प्रवक्ता ने ऐसी वारदात से इंकार किया है।
पेशावर में हक्कानी नेटवर्क के एक सदस्य का कहना है, "मैं अख्तर मंसूर की मौत से ना ही इंकार कर सकता हूं ना ही इसकी पुष्टि।" मुल्ला मंसूर ने मुल्ला उमर की मौत के बाद इस साल जुलाई में तालिबान की कमान संभाली थी। तालिबान के कई नेता उनके नेतृत्व को स्वीकार नहीं करते।