अफ़ग़ानिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि तालिबान ने कुंदूज़ प्रांत के एक अहम उत्तरी ज़िले चारदारा पर पूर्ण नियंत्रण कर लिया है। प्रांतीय पुलिस प्रमुख के प्रवक्ता सय्यद सरवर हुसैनी ने समाचार एजेंसी एपी से कहा, "सैन्य बल भेजे जा रहे हैं और शहर को दोबारा नियंत्रण में लेने का अभियान तुरंत शुरू किया जाएगा।"
बीबीसी संवाददाताओं का कहना है कि यह रणनीतिक रूप से बेहद अहम है और प्रांतीय मुख्यालय और एयरपोर्ट से कुछ ही किलोमीटर दूर है। कुंदूज़ की प्रांतीय परिषद के मुखिया मोहम्मद यूसुफ़ अय्यूबी ने एपी को बताया कि दो दिनों तक स्थानीय सुरक्षा बलों पर हमलों के बाद रविवार को तालिबान लड़ाकों ने शहर पर क़ब्ज़ा कर लिया।
अयूबी के मुताबिक लड़ाई अभी जारी है और स्थानीय लोग जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, शहर छोड़कर भाग रहे हैं। अफ़ग़ानिस्तान से अंतरराष्ट्रीय सुरक्षाबलों के जाने के बाद से अफ़ग़ान सुरक्षाबलों को नुक़सान उठाना पड़ रहा है।
रणनीतिक रूप से अहम
अफ़ग़ानी बलों को तालिबान के मुक़ाबले नुक़सान उठाना पड़ रहा है। हुसैनी के मुताबिक शनिवार को हुए हमलों में अफ़ग़ान सुरक्षा बलों के तीन जवान मारे गए हैं और छह घायल हुए हैं। उनके मुताबिक लड़ाई में क़रीब 17 तालिबनी लड़ाके मारे गए हैं और 20 घायल हुए हैं। वहीं तालिबान के प्रवक्ता ज़बीउल्ला मुजाहिद ने ईमेल के ज़रिए हमलों की ज़िम्मेदारी लेते हुए सुरक्षाबलों को भारी नुक़सान का दावा किया है।