सीरिया में विद्रोहियों के अंतिम बचे इलाके पूर्वी घोउटा में सेना ने हवाई और रासायनिक हमले किए। निगरानी समूहों का दावा है कि इसमें 80 से ज्यादा लोग मारे गए हैं और दर्जनों की संख्या में लोगों को सांस लेने में दिक्कत आ रही है। उधर, अमेरिका ने रासायनिक हमले की निंदा की है।
घोउटा के विद्रोही समूह जैश अल इस्लाम और
सीरियाई सरकार के बीच वार्ता, युद्ध विराम की रिपोर्ट आ रही थीं। ऐसे में शनिवार और रविवार को हुआ यह हमला चौंकाने वाला है।
आरोप है कि शनिवार को सीरियाई सेना ने क्लोरीन गैस से हमला किया, लेकिन सीरियाई सरकार, मीडिया और सहयोगी देश रूस इन रिपोर्ट को मनगढंत बता रहा है। असद की सेना ने घोउटा के डौमा में भी हमला किया है। राजधानी दमिश्क के नजदीक स्थिति इस कस्बे में विद्रोहियों की पकड़ काफी मजबूत है।
पिछले हफ्ते रिपोर्ट आई थी कि कई विद्रोहियों और उनके परिवार वालों ने इलाके को छोड़ना शुरू कर दिया है। पर कई विद्रोहियों ने यहां से निकलने से इनकार भी किया है। विद्रोहियों ने एक समूह ने एक वीडियो पोस्ट किया है, जिससे बच्चों के मुंह से झाग निकल रहा है। हालांकि इस वीडियो की अब तक पुष्टि नहीं हो पाई है।