फ्रांस के आल्प्स पहाडियों में 45 यात्री 3,000 मीटर से ऊंची केबल कार में रात भर से फंसे हुए हैं। ओत साव्वा क्षेत्र के एक स्थानीय अधिकारी ने कहा कि शुरुआत में केबल कार में 110 लोग फंसे हुए थे लेकिन उनमें से 65 लोगों को हेलीकॉप्टर की मदद से निकाल लिया गया।
लेकिन जब रात में अंधेरा घिरने के बाद राहत और बचाव कार्य को रोकना पडा। अधिकारियों का कहना था कि केबल कार 3800 मीटर यानी 12,468 फीट की ऊंचाई पर मौजूद हैं। स्थानीय मीडिया का कहना है कि तेज हवा की वजह से केबल के तार आपस में उलझ गए और यही वजह हुई कि केबल कार रुक गईं।
हालांकि फ्रांस के आंतरिक मामलों के मंत्री ने कहा कि ये किसी तकनीकी कारणों से हुआ है। लेकलेयर ने एएफपी समाचार एजेंसी को बताया कि मुश्किल परिस्थितियों में महज आधे घंटे के अंदर, हम लोग 60 से अधिक लोगों को निकालने में सफल रहे।
केबल कंपनी के मुखिया मैथ्यू ने बताया कि हम केबल कार में बैठे अपने यात्रियों के साथ संपर्क में हैं। फंसे हुए यात्रियों के बचाने के लिए इटली और स्विस दल काम कर रहे हैं और बचाव कार्य में तीन हेलीकॉप्टर लगाए गए हैं।