संयुक्त राष्ट्र ने कहा है कि दक्षिणी सूडान में उसका एक मालवाहक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। अपुष्ट खबरों में कहा गया है कि इसे मार गिराया गया है।
सूडान स्थित यूएन मिशन के मुताबिक खोज और बचाव टीम बेंतिऊ के पास उस जगह भेज दी गई है, जहां दुर्घटना हुई है। समाचार एजेंसी एएफपी के मुताबिक इस हेलीकॉप्टर पर चालक दल के तीन से पांच सदस्य सवार थे।
संयुक्त राष्ट्र के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि एमआइ-8 नाम के इस हेलिकॉप्टर को निश्चित तौर पर मार गिराया गया है। दक्षिणी सूडान में सेना और विद्रोही सैनिकों के बीच चल रही लड़ाई में इस साल हजारों लोगों की मौत हो चुकी है।
तेल संसाधनों से समृद्ध बेंतिऊ पर दोनों पक्षों ने कई बार अधिकार का दावा किया है, फिलहाल वहां युद्ध विराम समझौता कायम है। सोमवार को दोनों पक्षों को एक साझा सरकार बनाने के लिए 45 दिन का समय दिया गया था।