इराक में अधिकारियों का कहना है कि चरमपंथी नेता इज्जत इब्राहिम अल दौरी एक मुठभेड़ में मार दिए गए हैं। अल दौरी को पूर्व राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन का बेहद करीबी समझा जाता था।
अधिकारियों के मुताबिक उन्हें उत्तरी बगदाद के सलाहुद्दीन प्रांत में हुई एक लड़ाई में मार डाला गया। हालांकि अल दौरी के समर्थकों ने अधिकारियों के इस दावे को खारिज किया है।
इराकी अधिकारियों के मुताबिक अल दौरी शायद सद्दाम हुसैन के शासन काल के आखिरी महत्वपूर्ण व्यक्ति थे जिन्हें मार डाला गया है।
72 वर्षीय दौरी ने नक्शबंदी विद्रोही समूह का नेतृत्व किया था जो कि इराक में इस्लामिक स्टेट को बढ़ावा देने के लिए जिम्मेदार माना जाता है।
अल दौरी सद्दाम हुसैन के सहायक थे जिन्हें साल 2003 से 2006 के बीच अमरीकी नेतृत्व वाली गठबंधन सेनाओं के साथ चली लड़ाई में मार डाला गया था।
दौरी को सद्दाम हुसैन की बाथ पार्टी का सबसे महत्वपूर्ण व्यक्ति माना जाता था और उनके ऊपर काफी इनाम भी रखा गया था।