विदेश राज्य मंत्री एमजे अकबर ने कहा कि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी मिस्र और भारत के संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के इच्छुक हैं। अकबर ने शनिवार को वहां राष्ट्रपति सीसी से मुलाकात की और इसके बाद मिस्र के नेता के साथ अपनी बैठक को ‘शानदार’ बताया।
अकबर ने कहा कि कि राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सीसी की हमारे रिश्तों को काफी ऊंचाइयों पर ले जाने की जबर्दस्त और ईमानदार इच्छा है, जो पहले से ही काफी अच्छे हैं। यह हमारे द्विपक्षीय संबंधों का एक शक्तिशाली स्तंभ है तथा उम्मीद है कि यह और आगे जाएगा।
अल आलामीन में बैठक के दौरान दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों के साथ ही क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की। अकबर ने कहा कि दोनों देश न केवल सरकार से सरकार के स्तर पर बल्कि लोगों के स्तर पर भी साझेदारी को आगे बढ़ाने पर काम कर रहे हैं।
ये भी पढ़ेंः मिस्र में सुरक्षाबलों ने 10 आतंकियों को मार गिराया, सेना के 3 जवान घायल
मंत्री ने कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पत्र राष्ट्रपति सीसी को सौंपा है। पत्र में अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में भारतीय उम्मीदवार का समर्थन करने के लिए मिस्र का शुक्रिया अदा किया गया है।