पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद सहित पंजाब और ख़ैबर पख्तूनख्वा के विभिन्न क्षेत्रों में तूफान ने भारी तबाही मचाई है।
तूफान के कारण इमारतें और पेड़ गिरने से कम से कम 14 लोग मारे गए और 149 लोग घायल हो गए है।
इस्लामाबाद और रावलपिंडी में पेड़ों के सडकों और वाहनों पर गिर जाने से कम से कम 19 लोग घायल हुए।
जबकि इस्लामाबाद की एक कच्ची बस्ती में मकान गिरने से नौ लोगों की मौत हो गई है।
इस्लामाबाद पुलिस ने बताया कि मरने वालों में एक महिला और तीन बच्चे शामिल है।
इस्लामाबाद में 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई थी
Islamabad strom
- फोटो : BBC
रावलपिंडी पुलिस ने बीबीसी संवाददाता शहजाद मलिक को बताया कि ढ़ोक हस्सू क्षेत्र में इमारतें गिरने और करंट लगने से पांच लोगों की मौत हो गई है। जबकि शहर में 130 के करीब लोग घायल हुए है।
तेज आंधी के कारण इस्लामाबाद के सेक्टर आई इलेवन में स्थित सब्जी मंडी में आग लग गई। बाद में आग पर काबू पा लिया गया।
आग और तेज हवाओं के कारण बिजली की तारें गिरने से लगी। पेड़ और बिजली के खंभे सड़क पर गिरने से सड़कें बंद हो गईं और यातायात प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग ने बताया कि रावलपिंडी में 148 किलोमीटर की गति से और इस्लामाबाद में 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आई थी।
रावलपिंडी और इस्लामाबाद के बीच चलने वाली मेट्रो बस सेवा को भी कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा।
इस्लामाबाद के अलावा खैबर पख़्तूनख़्वाह के कई शहरों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश हुई
Islamabad strom
- फोटो : BBC
इस्लामाबाद के अलावा खैबर पख़्तूनख़्वाह के कई शहरों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश हुई।
पेशावर के अधिकारियों ने बताया कि तूफानी हवाओं के कारण एक मकान की छत गिर गई। जिसमें एक महिला और उनके छह महीने के बच्चे की मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
पी डी एम ए के प्रवक्ता के अनुसार जिला आपदा प्रबंधन इकाई पेशावर और नौशहरा को निर्देश जारी किया है कि प्रभावित लोगों तक जल्द से जल्द सहायता पहुंचाई जाए।
तूफान में हुए नुकसान का आकलन लगाने के लिए कई टीमें भी गठित की गई है।
उधर पीआईए के प्रवक्ता के अनुसार इस्लामाबाद में मौसम की खराबी के कारण हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। यहां आने वाली घरेलू और विदेशी उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
उनका कहना था कि दुबई, लाहौर, कराची और अन्य शहरों से इस्लामाबाद आने वाली उड़ानों का रुख लाहौर एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया है।