पाकिस्तान के परिवहन हेलिकॉप्टर एमआई-17 की बृहस्पतिवार को पूर्वी अफगानिस्तान में क्रैश लैंडिंग हुई। इसके बात तालिबान आतंकियों ने इस हेलिकॉप्टर में सवार छह लोगों को बंधक बना लिया। यह घटना अफगानिस्तान के अशांत लोगर प्रांत के अजरा जिले में हुई।
काबुल स्थित पाक दूतावास ने स्थानीय अधिकारियों के हवाले से इसकी जानकारी दी। हालांकि इस बाबत तालिबान की ओर से अभी तक कोई बयान नहीं आया है। पाकिस्तानी दूतावास के प्रवक्ता अख्तर मुनीर ने बताया कि यह विमान पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की सरकार का है, जो मरम्मत के लिए रूस जाने वाला था। हालांकि उसमें सवार लोगों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है।
वहीं, स्थानीय जिले के गवर्नर हमीदुल्ला हामिद ने बताया कि इस हेलिकॉप्टर में सवार छह लोगों को तालिबान आतंकियों ने बंधक बना लिया है और अज्ञात स्थान पर ले गए। इसके अलावा लोगर गवर्नर के प्रवक्ता सलीम सलेह ने बताया कि क्रैश होने के बाद हेलिकॉप्टर में आग लग गई थी। रूस निर्मित इस विमान का इस्तेमाल पाकिस्तानी सेना करती है।