उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने दक्षिण कोरिया से सटी सीमा पर तैनात सैनिकों से युद्ध जैसे हालात पर तैयार रहने को कहा है। सरकारी मीडिया ने यह खबर दी है। दक्षिण कोरिया के साथ हालिया गोलाबारी के बाद यह फैसला किया गया है।
सरकारी एजेंसी केसीएनए के मुताबिक, एक आपात बैठक में किम ने ‘युद्ध जैसी स्थिति’ का ऐलान कर दिया। किम ने चेतावनी दी कि अगर उत्तर कोरिया के खिलाफ 'प्रसारण' नहीं रोका जाता, तो दक्षिण कोरिया के खिलाफ कार्रवाई होगी। बीबीसी के दक्षिण कोरिया संवाददाता स्टीव इवान्स का कहना है कि कई बार इस तरह की आक्रामक भाषा की वजह से गोलाबारी बढ़ जाती है। इस बार की भाषा उससे भी ज्यादा तीखी है और गोलाबारी भी हो रही है।
सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक़, किम ने सैनिकों से कहा है कि वे किसी भी समय किसी तरह की सैनिक कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार रहें। इसके पहले उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया को चेतावनी दी थी कि यदि उसने ‘48 घंटों’ के अंदर सीमा पर उसके ख़िलाफ़ होने वाला प्रसारण नहीं रोका और प्रसारण उपकरणों को वहाँ से नहीं हटाया, तो वह उसके विरुद्ध ज़ोरदार सैनिक कार्रवाई करेगा।